ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी महामहिम, जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में शामिल होने की संभावना
भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 18 और 19 जून को प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आ सकती हैं। राष्ट्रपति के इस संभावित और महत्वपूर्ण आगमन को लेकर प्रदेश का प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। इस दौरे को लेकर विशेष रूप से खंडवा और जबलपुर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है। हालांकि, राष्ट्रपति भवन से अभी इस दौरे की आधिकारिक तौर पर अंतिम पुष्टि होना बाकी है, लेकिन समय की कमी को देखते हुए प्रोटोकॉल के तहत तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति अपने दो दिवसीय दौरे की शुरुआत धार्मिक नगरी से करेंगी। 18 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खंडवा जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। यहां वे भगवान शिव के पवित्र ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लेंगी। इसके बाद 19 जून को दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति सिकल सेल बीमारी के उन्मूलन और जागरूकता से जुड़े एक बड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित राज्य कैबिनेट के कई मंत्री और स्कूली बच्चे भी मौजूद रहेंगे।
जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की चर्चा
खंडवा के अलावा, राष्ट्रपति के 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संस्कारधानी जबलपुर आने की चर्चा भी जोरों पर है। इस संभावित दौरे को देखते हुए जबलपुर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा ले रहा है। यदि इस पर मुहर लगती है, तो जबलपुर के लिए यह एक बेहद गौरवशाली पल होगा।
पिछले साल निरस्त हो गया था दौरा
गौरतलब है कि पिछले साल 2025 में भी ठीक इन्हीं तारीखों 18 और 19 जून को राष्ट्रपति का मध्य प्रदेश दौरा तय हुआ था। उस समय उनके इंदौर और बड़वानी में कार्यक्रम प्रस्तावित थे, लेकिन ऐन वक्त पर अपरिहार्य कारणों से वह दौरा निरस्त करना पड़ा था। यही वजह है कि इस बार खंडवा और जबलपुर प्रशासन तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता और सुरक्षा से लेकर वीआईपी प्रोटोकॉल की हर बारीक व्यवस्था को पहले से ही दुरुस्त किया जा रहा है।