महिला आरक्षण के लिए कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च

भोपाल। राजधानी में महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग को लेकर शहर में पैदल मार्च निकाला। इस प्रदर्शन के जरिए पार्टी ने केंद्र सरकार की नीतियों और नीयत पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस का यह मार्च  न्यू मार्केट स्थित प्लेटिनम प्लाजा से शुरू होकर रोशनपुरा चौराहे तक पहुँचा। रैली का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किया। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता महिलाओं को आरक्षण लागू करो जैसे नारों के साथ आगे बढ़े। कांग्रेस नेतृत्व ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मामले में सरकार जानबूझकर देरी कर रही है। कांग्रेस की मांग है कि परिसीमन या अन्य प्रक्रियाओं का इंतजार किए बिना मौजूदा लोकसभा सीटों पर ही आरक्षण तुरंत प्रभावी किया जाए। नेताओं का आरोप है कि संसद में विधेयक पारित होने के बावजूद सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है और वह राजनीतिक लाभ के लिए इसे टाल रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ है और राजनीतिक इच्छाशक्ति है, तो महिलाओं को उनका हक और प्रतिनिधित्व देने में देरी क्यों? यह केवल चुनावी जुमला बनकर नहीं रह जाना चाहिए। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में महिला सुरक्षा और प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर वह सरकार को घेरने की रणनीति पर अडिग है।

Leave Comments

Top