Iran US: ईरान ने अमेरिका के सामने रखी नई शर्तें, बताया कैसे खुलेगा ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए अमेरिका के सामने सख्त शर्तें रखी हैं, जिनमें सैन्य कार्रवाई रोकने, प्रतिबंध हटाने और नुकसान की भरपाई शामिल है। इन मांगों से मध्य पूर्व में तनाव और वैश्विक तेल आपूर्ति पर असर बढ़ने की आशंका है।

                                         kamlesh sharma   Aug 09, 2026

iran us war

तेहरान। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के जलमार्ग को फिर से खोलने के लिए अमेरिका के सामने नई शर्तें रखी हैं। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (SNSC) द्वारा जारी बयान के मुताबिक, जब तक अमेरिका अपना रवैया 'ठीक' नहीं करता और हुए नुकसान की भरपाई नहीं करता, तब तक यह होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, SNSC के सचिव और रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर मोहम्मद बाघेर जोलघाद्र ने इस मांग पत्र को जारी किया है।

ईरान की मुख्य मांगें

रिपोर्ट के अनुसार, जोलघाद्र द्वारा बताई गई शर्तों में अमेरिका ईरान और उसके सहयोगियों पर स्थायी रूप से हमले बंद करे और क्षेत्र से अपनी सेना हटाए। युद्ध के दौरान हुए नुकसान के लिए अमेरिका 'पूरा मुआवजा' दे। ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसेना द्वारा लगाई गई नाकेबंदी को तुरंत हटाया जाए। ईरान के खिलाफ लगाए गए सभी प्रतिबंध हटाए जाएं और अमेरिका में फ्रीज की गई उसकी संपत्तियों को बिना शर्त बहाल किया जाए।

Strait of Hormuz

ओमान के साथ बातचीत जारी

होर्मुज जलडमरूमध्य व्यापार का एक अहम रास्ता है, जिससे दुनिया के तेल व्यापार का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा नियंत्रित होता है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि वे इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही को लेकर ओमान के साथ एक समझौते के करीब हैं, लेकिन मार्ग को पूरी तरह खोलना अमेरिका द्वारा 'इस्लामाबाद समझौते' के उल्लंघनों के मुआवजे पर निर्भर करेगा। ओमान ने भी बातचीत के सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की पुष्टि की है।

यूएई के तेल टैंकर पर हमला

संयुक्त अरब अमीरात ने कहा कि शनिवार सुबह होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान ने अबू धाबी की सरकारी तेल और गैस कंपनी ADNOC के एक जहाज पर हमला किया। कंपनी के मुताबिक, हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। कंपनी ने यह भी बताया कि इस साल की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से इस जलडमरूमध्य में उसके एक दर्जन से ज्यादा जहाजों पर हमले हो चुके हैं।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति बोले- चल रही है बातचीत

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि बातचीत चल रही है, लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या यह समझौता अमेरिका के हितों के अनुकूल होगा। उन्होंने कहा कि हम अभी इस प्रक्रिया के बीच में हैं। सवाल यह है कि क्या ईरान वह सब देने को तैयार है जो हमारे सुरक्षा हितों के लिए जरूरी है। फिलहाल हमारा ध्यान जहाजों की सुरक्षित आवाजाही का ढांचा तैयार करने पर है। अमेरिका ने अभी तक ईरान की नई शर्तों पर अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।


Leave Comments

Top