CWG 2026: पदक विजेताओं से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने साझा की रील, बोले- जो खेलेगा वो खिलेगा

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sun, 09 Aug 2026 07:16 PM प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों और भारतीय दल के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। खिलाड़ियों ने भी प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और इस मुलाकात को प्रेरणादायक बताया।
PM Modi meets Commonwealth Games athletes See photos and videos
 
पीएम मोदी से खिलाड़ियों की मुलाकात - फोटो : PM Modi (x)

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों और भारतीय दल के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। भारतीय दल के खिलाड़ियों ने भी प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनसे मुलाकात को यादगार बताया।
पीएम मोदी ने साझा की खिलाड़ियों के साथ रील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों के साथ एक रील भी साझा की। इसमें पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के साथ संदेश देते हुए कहा, 'जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा भारत के लिए उत्साह बढ़ाएं।'
39 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा भारत
  • ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कुल 39 पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य पदक जीते। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
  • इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलों की संख्या पहले के मुकाबले काफी कम थी। कई ऐसे खेल प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं थे, जिनमें भारत पारंपरिक रूप से मजबूत रहा है। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के खाते में 39 पदक जोड़े।
कई खिलाड़ियों ने रचा इतिहास
ग्लासगो में भारतीय दल के लिए कई ऐतिहासिक उपलब्धियां भी देखने को मिलीं। जूडो में भारत ने पहली बार दो स्वर्ण पदक जीते। वहीं, पैरा एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में रजत पदक जीता, जबकि तेजस्विन शंकर ने पुरुषों के डेकाथलॉन में कांस्य पदक हासिल कर इतिहास रचा। बॉक्सिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। मुक्केबाजों ने सात स्वर्ण और तीन रजत पदक अपने नाम किए। भारोत्तोलन और पैरा खेलों में भी भारत को महत्वपूर्ण सफलताएं मिलीं।

Leave Comments

Top