रूसी ट्रेन
मॉस्को: रूस ने भारत के सामने डायरेक्ट रेल लिंक का प्रस्ताव रखा है। इसमें रूस से भारत तक ट्रेन चलाने की बात कही गई है। यह प्रस्ताव रूस के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर मरात खुसनुलिन ने पेश किया है। उन्होंने रूसी समाचार एजेंसी TASS को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि रूस को हिंद महासागर तक एक रेलवे रूट बनाने की संभावना तलाशनी चाहिए, ताकि बोस्फोरस और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जोखिमों को कम किया जा सके।
रूस-भारत रेल लिंक प्रस्ताव क्या है?
उन्होंने कहा कि वैकल्पिक रास्ते तुर्कमेनिस्तान, ईरान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होकर गुजर सकते हैं और भारत तक पहुंचने वाला कोई भी विकल्प स्वीकार्य होगा। हालांकि, धरातल पर उनका यह प्रस्ताव सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर सकता है। इस रेल रूट में अफगानिस्तान और पाकिस्तान शामिल हैं, जो दुनिया के दो सबसे खतरनाक देश हैं। इन दोनों देशों में आए दिन आतंकी हमले होते रहते हैं और इनकी सेना का पूरे देश पर नियंत्रण भी नहीं है।
होर्मुज की नाकेबंदी के बीच प्रस्ताव
रूस का यह प्रस्ताव अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी के बीच आया है। ईरान ने मार्च के शुरुआत से ही होर्मुज को व्यापार के लिए बंद किया हुआ है। तब से इस जलडमरूमध्य से होकर बहुत कम संख्या में जहाज गुजर रहे हैं। इससे पूरी दुनिया ऊर्जा संकट की चपेट में आ गई है। इसका सबसे बुरा असर दक्षिण एशिया और पूर्वी एशिया पर पड़ा है।
मध्य पूर्व संघर्ष जारी
28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के ईरान के खिलाफ हमले शुरू करने के बाद से ही पूरा मध्य पूर्व संघर्ष की चपेट में है। अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में ईरान ने भी मध्य पूर्व में अमेरिका के सहयोगी देशों पर जवाबी हमले किए हैं। इनमें इजरायल, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन, इराक, कतर, यूएई और सऊदी अरब शामिल हैं।