JPSC-JSSC Protest: जयराम महतो का बड़ा एलान, 9 अगस्त को करेंगे निर्जला अनशन; सरकार ने बुलाई तीसरे दौर की वार्ता

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Sat, 08 Aug 2026 10:35 PM IST

झारखंड में JPSC और JSSC की कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में JLKM प्रमुख और विधायक जयराम महतो ने 9 अगस्त को पुराने विधानसभा परिसर में सुबह 6 बजे से एक दिवसीय निर्जला अनशन करने का ऐलान किया हैjharkhand student protest jairam mahato nirjala anshan jpsc jssc exam irregularities hemant soren talks

छात्रों के समर्थन में जयराम महतो का निर्जला अनशन का ऐलान - फोटो : अमर उजाल

विस्तार

झारखंड में कथित परीक्षा अनियमितताओं और JPSC-JSSC में सुधार की मांग को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। कई दिनों से राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र धरने और भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। स्थानीय विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के प्रमुख जयराम महतो ने आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में 9 अगस्त को एक दिवसीय निर्जला अनशन करने का ऐलान किया है। वहीं, सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ छठे और अंतिम दौर की वार्ता करने का फैसला किया है

9 अगस्त को निर्जला अनशन पर बैठेंगे जयराम महतो
छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए विधायक जयराम महतो ने घोषणा की है कि वह 9 अगस्त की सुबह 6 बजे से पुराने विधानसभा परिसर में निर्जला अनशन पर बैठेंगे। आजतक से फोन पर बातचीत में जयराम महतो ने कहा कि वह छात्रों के समर्थन में एक दिन का निर्जला उपवास करेंगे और इसकी शुरुआत शनिवार सुबह से होगी। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा का सत्र 12 अगस्त को समाप्त होने के बाद वह पूरी ताकत के साथ छात्रों के पक्ष में आंदोलन करेंगे। जयराम महतो के इस ऐलान के बाद छात्र आंदोलन को और राजनीतिक समर्थन मिलने की संभावना बढ़ गई है।
सरकार और छात्रों के बीच  तीसरे दौर की वार्ता रविवार को
इधर, झारखंड सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ तीसरे दौर की वार्ता करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सरकार द्वारा गठित वार्ता समिति की करीब चार घंटे तक बैठक हुई। बैठक में छात्रों के साथ पहले हुई पांच दौर की वार्ता की प्रगति और उनकी मांगों पर मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई।
वार्ता समिति के सदस्य और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पीटीआई को बताया कि मुख्यमंत्री को छात्र संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ हुई बैठकों के दौरान सामने आई उनकी मांगों और विचारों से अवगत कराया गया। बैठक में फैसला लिया गया कि प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ अंतिम दौर की वार्ता रविवार को दोपहर करीब 12 बजे होगी।
JPSC और JSSC में व्यापक सुधार की मांग
सरकार के एक अन्य वार्ता समिति सदस्य और मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ आगे की बातचीत करने का निर्णय लिया गया। छात्र झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं। बैठक में दीपिका पांडेय सिंह और संजय प्रसाद यादव के अलावा मंत्री चमरा लिंडा और सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
स्वतंत्र जांच की मांग पर अड़े छात्र
नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन की प्रमुख मांग कथित परीक्षा अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच है। प्रदर्शनकारी मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) या राज्य से बाहर के सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीशों की समिति से कराने की मांग कर रहे हैं।
सरकार की ओर से शुक्रवार रात से अब तक प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों के साथ पांच दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक गतिरोध खत्म नहीं हो सका है। आंदोलनरत अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
देवेंद्र नाथ महतो के गुट समेत कई संगठनों से हुई बातचीत
सरकार की वार्ता समिति ने सबसे पहले झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व वाले प्रदर्शनकारी गुट से बातचीत की। परीक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर देवेंद्र नाथ महतो का अनशन सातवें दिन में प्रवेश कर गया है। इसके बाद समिति ने कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई, एसीएस और जेसीएम के प्रतिनिधिमंडलों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इससे पहले शुक्रवार रात सरकार ने JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बातचीत की थी। परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते से 28 जुलाई से अब तक चार बार पूछताछ की जा चुकी है।

Leave Comments

Top