भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री दीपक जोशी और उनकी पत्नी पल्लवी राज सक्सेना ने सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर छवि धूमिल करने और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने की शिकायत पुलिस और साइबर क्राइम शाखा से की है। दोनों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपा है। दीपक जोशी का आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कुछ व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। शिकायत में कहा गया है कि अभद्र भाषा का प्रयोग कर उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उनकी और उनकी पत्नी की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें प्रसारित करने तथा भ्रामक जानकारी फैलाने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
पल्लवी राज सक्सेना ने भी अलग से शाहपुरा थाना और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट और समूह उनके वैवाहिक जीवन से जुड़ी गलत जानकारियां साझा कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग स्वयं को दीपक जोशी की पत्नी बताकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं और निजी जीवन से जुड़ी सामग्री प्रसारित कर उनकी प्रतिष्ठा को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत में कुछ व्हाट्सएप और फेसबुक समूहों का भी उल्लेख किया गया है, जिनके माध्यम से कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री साझा किए जाने की बात कही गई है। पूर्व मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक, साइबर क्राइम शाखा और स्थानीय पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि दीपक जोशी और उनकी पूर्व पत्नी नम्रता जोशी के बीच पारिवारिक विवाद लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विभिन्न मुद्दों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप और कानूनी प्रक्रियाएं सामने आती रही हैं। बाद में दीपक जोशी ने पल्लवी राज सक्सेना से विवाह किया था। इसके बाद भी सोशल मीडिया पर इस विवाद को लेकर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती रही हैं। पुलिस और साइबर सेल ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबरों और डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।