भोपाल। शिक्षक भर्ती परीक्षा 2025 में पदों की संख्या बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए उम्मीदवारों ने भोपाल की सड़कों पर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।
नाराजगी व्यक्त करने के लिए पुरुष अभ्यर्थी अर्धनग्न होकर सड़क पर लेट गए, वहीं कई उम्मीदवार एमपी नगर स्थित जनजातीय कार्य विभाग कार्यालय से लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) तक दंडवत प्रणाम करते हुए पहुंचे। महिला और पुरुष अभ्यर्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले नौ महीनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन मिला है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि राज्य के स्कूलों में शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। रिक्त पदों के आधार पर वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।