पाकिस्तान: कोहाट में जुमे की नमाज़ के दौरान मस्जिद में विस्फोट, 15 पुलिसकर्मियों समेत 21 की मौत

                      15 पुलिसकर्मियों समेत 21 की मौत

खैबर पख़्तूनख़्वाह के कोहाट में नमाज़ के दौरान कार बम धमाका हुआ

इमेज स्रोत, Basit Gilani/EPA/Shutterstock

इमेज कैप्शन, खैबर पख़्तूनख़्वाह के कोहाट में नमाज़ के दौरान कार बम धमाका हुआ

प्रकाशित 9 घंटे पहले
पढ़ने का समय: 3 मिनट
बाद में पढ़ने के लिए सहेजेंबाद में पढ़ने के लिए सहेजें

पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के कोहाट में एक कार बम हमले में मरने वालों की संख्या 21 हो गई है. मरने वालों 15 पुलिसकर्मी भी हैं.

ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस लाइंस मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद सात चरमपंथी पुलिस लाइंस में घुस गए थे. इसके बाद पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ जोरदार जवाबी कार्रवाई की.

प्रवक्ता के अनुसार, अब तक छह चरमपंथी मारे गए हैं और तलाशी अभियान अभी जारी है.

इससे पहले पुलिस ने बताया था कि शुक्रवार की नमाज़ के दौरान विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी मस्जिद से टकरा गई.

रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फ़ैजी के मुताबिक़, विस्फोट शुक्रवार को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर लगभग 1.15 बजे हुआ. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

बचाव दल के प्रवक्ता के अनुसार, घटनास्थल पर बचाव अभियान में फ़िलहाल 14 एंबुलेंस और 40 से अधिक कर्मचारी जुटे हुए हैं.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कोहाट विस्फोट की निंदा की है और कई लोगों के घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, शहबाज़ शरीफ़ ने निर्देश दिया है कि घायलों की तत्काल मेडिकल मदद की जाए.

शहबाज़ शरीफ़ ने संबंधित अधिकारियों से विस्फोट के कारणों पर रिपोर्ट मांगी है.

उन्होंने राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने कोहाट विस्फोट की निंदा की है और जानमाल के नुक़सान पर दुख व्यक्त किया है.

पुलिस ने क्या बताया

बचाव और राहत

इमेज स्रोत, Rescue 1122

पेशावर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि खैबर पख़्तूनख़्वाह के कोहाट ज़िले में एक वाहन में लगाए गए आईईडी के विस्फोट में 11 नागरिकों और पांच पुलिस अधिकारियों की मौत हुई है.

बीबीसी न्यूज़ के उस्मान जाहिद से बात करते हुए, केंद्रीय पुलिस कार्यालय के जनसंपर्क निदेशक अब्दुल सलाम ख़ालिद ने कहा कि चरमपंथियों के निशाने पर पुलिस लाइंस और वहां स्थित मस्जिद थी. घटना के समय शुक्रवार की नमाज़ चल रही थी.

उनके अनुसार, नमाज़ के दौरान विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने मस्जिद की इमारत में टक्कर मार दी.

अब्दुल सलाम ख़ालिद ने बताया कि विस्फोट के बाद दो से तीन हथियारबंद चरमपंथी इमारत में घुस गए, जिनमें से एक की गोलीबारी में मौत हो गई. सशस्त्र बलों का अभियान अभी जारी है.

स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

चश्मदीदों ने क्या बताया

कोहाट में विस्फोट

इमेज स्रोत, RESCUE1122                                                                                                                                                                                इमेज कैप्शन, चश्मदीदों ने बताया कि जिस समय धमाका हुआ, आस पास की इमारतें भी हिलने लगी थीं

कोहाट पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार, ओल्ड पुलिस लाइंस क्षेत्र घनी आबादी वाला और व्यस्त इलाक़ा है, और अन्य महत्वपूर्ण कार्यालय भी ओल्ड पुलिस लाइंस में स्थित हैं.

विस्फोट के बाद ओल्ड पुलिस लाइंस पहुंचे अल-ख़िदमत फ़ाउंडेशन के वालंटियर नवीद ने बीबीसी उर्दू को बताया कि जब वह वहां पहुंचे तो बड़ी संख्या में घायल लोग मदद के लिए पुकार रहे थे.

नवेद ने आगे बताया कि विस्फोट के समय वह एक किलोमीटर दूर एक अन्य मस्जिद में नमाज़ पढ़ रहे थे और विस्फोट की आवाज सुनकर वह तुरंत पहुंचे.

उन्होंने कहा कि रेस्क्यू 1122 के कर्मी वहां बचाव अभियान में व्यस्त थे और हमें सभी दिशाओं से एम्बुलेंस की आवाजें सुनाई दे रही थीं.

उन्होंने बताया, "हर तरफ़ घायल लोग थे. कुछ मदद के लिए चिल्ला रहे थे और कुछ पानी मांग रहे थे. हमने रेस्क्यू 1122 के साथ मिलकर बचाव कार्य शुरू किया. कुछ समय बाद और भी एम्बुलेंस और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे."

नवेद ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने नागरिकों को वहां से चले जाने के लिए कहा, जिसके बाद तुरंत ही भारी गोलीबारी शुरू हो गई.

नवेद के अनुसार, "विस्फोट इतना तीव्र था कि जिस मस्जिद में हम थे, उसके दरवाज़े और दीवारें हिल रही थीं."

पास में ही रहने वाले मुस्तफ़ा ख़ान ने कहा, "हमें अभी भी गोलियों की आवाज सुनाई दे रही है और हम अपने घरों में फंसे हुए हैं."

उन्होंने कहा, "मैं अपने बच्चों के साथ उस मस्जिद से आधा किलोमीटर दूर एक दूसरी मस्जिद में नमाज़ पढ़ रहा था, जहां धमाका हुआ. धमाका होते ही हम मस्जिद से बाहर आ गए. मेरे साथ छोटे बच्चे थे और मैं उन्हें घर ले गया."

उन्होंने बताया कि जब वे घर पहुंचे तो गोलियों की आवाजें आ रही थीं और पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाक़े को घेर लिया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

 


Leave Comments

Top