भोपाल। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने सोमवार को कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया। संगठन ने राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग पर लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात करने का आरोप लगाया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के निर्देशन में सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले दहन किए तथा जिला कलेक्टरों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन में निर्वाचन अधिकारियों की भूमिका और निष्पक्षता की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई। यश लखन घनघोरिया ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग पक्षपातपूर्ण तरीके से कार्य कर रहा है और मीनाक्षी नटराजन का नामांकन राजनीतिक दुर्भावना के तहत तकनीकी आधारों पर खारिज किया गया है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा चुनाव से पहले विपक्ष को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। घनघोरिया ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।