पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग
भोपाल। प्रदेश में खरीफ सीजन की शुरुआत होते ही किसानों के सामने खाद और डीजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सरकार पर अन्नदाता की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है।
पटवारी ने अपने पत्र में दावा किया कि मानसून की दस्तक के साथ ही किसान बोवनी की तैयारियों में जुट गए हैं, लेकिन मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, महाकौशल और ग्वालियर-चंबल सहित पूरे प्रदेश में खाद के लिए हाहाकार मचा है। सहकारी समितियों पर किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं और उन्हें जरूरत से बेहद कम खाद मिल रही है। पटवारी ने कहा कि खाद संकट और किसानों की समस्याओं पर चर्चा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र तुरंत बुलाया जाए, पारदर्शिता के लिए सरकार जिलावार खाद के स्टॉक और वितरण का वास्तविक डेटा सार्वजनिक करे और खाद की कालाबाजारी करने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई हो।
किसानों की भयावह स्थिति को देखें
पटवारी ने तंज कसते हुए कहा कि जब किसान रातों की नींद गंवाकर खाद के लिए परेशान हो रहा है, तब सरकार अपनी जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे एसी कमरों से बाहर निकलकर जमीन पर वास्तविक और भयावह स्थिति को देखें।