नई दिल्ली. देशभर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2 से 3 दिनों के भीतर केरल में प्रवेश कर सकता है. इसके साथ ही विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है.
आईएमडी के अनुसार, सामान्यत: मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसकी दस्तक में हल्की देरी हुई है. हालांकि, वर्तमान मौसमीय परिस्थितियां मानसून के आगे बढऩे के लिए पूरी तरह अनुकूल हैं. इसके प्रभाव से पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ तूफान और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका जताई है.
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का हाल
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 1 से 5 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. विशेष रूप से 3 और 4 जून को 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 और 4 जून को तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 2 और 5 जून को बारिश होने के आसार हैं. उत्तराखंड में 6 जून तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. राजस्थान में 2 जून को तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 3 से 5 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर में 3 से 5 जून के दौरान तेज आंधी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है. 6 जून को भी बारिश के आसार बने हुए हैं.
मध्य और पश्चिमी भारत में बारिश का दौर
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2 और 3 जून को भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 जून तक हल्की बारिश जारी रह सकती है. छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 2 से 5 जून के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. केरल और माहे में 3 से 7 जून के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी कई इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. आंध्र प्रदेश में 2 जून को भारी बारिश का अनुमान है, जबकि तेलंगाना में 5 जून तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी असर
बिहार में 5 और 6 जून को तथा झारखंड में पूरे सप्ताह गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 6 जून के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. ओडिशा में 2 जून को 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, 3 से 5 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है.
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 1 से 7 जून तक लगातार भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. असम और मेघालय में 4 से 7 जून के बीच विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 और 7 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.