पटवारी, बोले गाली देना आपका अधिकार, सवाल पूछना मेरा कर्तव्य

जुबानी जंग बदल रही व्यक्तिगत हमलों में
भोपाल। प्रदेश की सियासत में इन दिनों शब्दों की मर्यादा तार-तार होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बीच जुबानी जंग अब व्यक्तिगत हमलों में बदल चुकी है। शुजालपुर के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा जीतू पटवारी को दो कौड़ी का अध्यक्ष और टपोरी लाल कहे जाने के बाद सूबे का सियासी पारा उबल पड़ा है। इस तीखे हमले पर पलटवार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोला और कहा कि गाली देना मुख्यमंत्री का अधिकार हो सकता है, लेकिन जनता के हक में सवाल उठाना उनका लोकतांत्रिक कर्तव्य है, जिसे वे निभाते रहेंगे।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद कांग्रेस पूरी तरह हमलावर है। जीतू पटवारी ने आज सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के नाम एक पोस्ट साझा कर कई तीखे सवाल दागे। पटवारी ने लिखा मुख्यमंत्री जी, मैं आपकी भाषा, समझ और संस्कारों पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। यदि गाली देना आपका अधिकार है, तो आप पूरी ईमानदारी से उसका पालन करते रहिए, लेकिन जनता के सवाल पूछना मेरा कर्तव्य है और मैं पूरी विनम्रता के साथ अपनी इस लोकतांत्रिक जिम्मेदारी को निभाता रहूंगा। आप मुझे रोज गाली दीजिए, लेकिन प्रदेश की समस्याओं को प्राथमिकता और गंभीरता से हल कीजिए। पटवारी ने मुख्यमंत्री के बयान को सीधे किसान पुत्रों के सम्मान से जोड़ते हुए भावुक कार्ड खेला। उन्होंने कह कि मुख्यमंत्री जी, आपने मुझे रद्दी कहा, दो कौड़ी का कहा, तो क्या किसान के बेटे आपके लिए रद्दी और दो कौड़ी के हैं? चुनाव तो अटल बिहारी वाजपेयी जी भी हारे थे, तो क्या ये शब्द उनके लिए भी हैं? जीत-हार जिंदगी की रीत है। मैं पूरे विश्वास और पांच लाख प्रतिशत दावे के साथ दोहरा रहा हूं कि 2028 में मध्य प्रदेश में जनता की सरकार बनेगी। एक ऐसी सरकार जो जनहित, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ काम करेगी और करप्शन-कमीशन से मुक्त होगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता सब देख रही है और किसी का भी अहंकार ज्यादा दिनों तक नहीं रहता।
क्या कहा था मुख्यमंत्री ने
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत सतना के युवा संवाद कार्यक्रम से हुई थी, जहां जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डा मोहन यादव को अभिनंदन लाल कहकर तंज कसा था। रविवार को शुजालपुर के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस और पटवारी पर तीखा हमला बोला। भाजपा और कांग्रेस सरकार की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा हम तो अभिनंदन लाल हैं, तुम तो टपोरी लाल हो। मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके, उन्होंने पटवारी की हालिया चुनावी हार पर चुटकी लेते हुए उन्हें दो कौड़ी का अध्यक्ष तक कह दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नेता अपनी खुद की विधानसभा नहीं जीत पाया, और जिसके कार्यकाल में इंदौर लोकसभा क्षेत्र का कांग्रेस उम्मीदवार ऐन वक्त पर मैदान छोड़कर भाग गया हो, उसे इतनी बड़ी बातें शोभा नहीं देतीं। कांग्रेस को नेता ही नहीं मिल रहे, इसलिए चुनाव हारने वाले नेताओं को अध्यक्ष बना रखा है।

Leave Comments

Top