रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऑफिस में उस वक्त खलबली मच गई, जब वरिष्ठ भाजपा नेता व एमपी के पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी एसपी चैंबर के बाहर धरने पर बैठ गए. उनकी नाराजगी इस बात से थी कि पुलिस आम जनता और जनप्रतिनिधियों की सुनवाई नहीं कर रही है. पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि अराजकता फैली है.
पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने अपने एक बचपन के साथी और मीसाबंदी बसंत पुरोहित की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने की शिकायत की थी. जब थाने में सुनवाई नहीं हुई तो हिम्मत कोठारी एसपी ऑफिस आए और एसपी अमित कुमार से भी शिकायत की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. शिकायत की सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी बुधवार को एसपी ऑफिस पहुंचे और चैंबर के बाहर नीचे धरने पर बैठ गए.
हिम्मत कोठारी बोले- 2-3 महीने से परेशान
पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले मैं खुद अपने बचपन के साथी को लेकर एसपी से मिला था. उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. जब जनप्रतिनिधि की सुनवाई नहीं हो रही है तो आम जनों की सुनवाई क्या होती होगी. अधिकारियों ने अराजकता फैला रखी है. ऐसे कल से कोई भी जमीन पर आकर कब्जा कर लेगा. मैंने धरना दिया है, फिर एसपी आए. अगर सुनवाई नहीं होती है तो आमरण अनशन करूंगा. पार्टी छोड़ दूंगा. 2 से 2 माह से परेशान हो रहे हैं.
पूर्व गृह मंत्री ने दी पार्टी छोडऩे की चेतावनी
पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने पार्टी छोडऩे की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि हमारे जनप्रनिधि, नेता कोई भी देखने वाला नहीं है. सब गूंगे बहरे हो गए हैं. कल से कोई भी गुंडा गर्दी करेगा. जमीनों पर कब्जा करेगा. सुनवाई नहीं होती है तो पार्टी से अनुमति लेकर आमरण अनशन करूंगा. फिर भी सुनवाई नहीं होती है तो पार्टी छोडऩे के अलावा कोई विकल्प नहीं रहेगा.
एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
एसपी अमित कुमार फौरन चैंबर से निकले और उन्हें अंदर चलने के लिए मनाया. फिर फौरन डीडी नगर थाना प्रभारी को बुलाकर मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए.