नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-हडपसर (पुणे) और अयोध्या-मुंबई (एलटीटी) का रूट भोपाल (रानी कमलापति स्टेशन) और इटारसी से होकर गुजरेगा। इससे भोपाल और खंडवा सहित आसपास के स्टेशनों से लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। बता दें कि ये दोनों ट्रेनें शुरू होने के बाद अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या बढ़कर 64 हो जाएगी।
बनारस, अयोध्या, शिर्डी और नासिक की राह हुई आसान
बनारस, अयोध्या जैसे तीर्थ स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन बेहद उपयोगी होंगी। शिर्डी और नासिक जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह कनेक्टिविटी न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि पुणे और मुंबई जैसे व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंचने के लिए यात्रियों को एक तेज और आधुनिक विकल्प भी प्रदान करेगी।
सुरक्षा और तकनीक का रखा गया है विशेष ध्यान
इन ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का खास ध्यान रखा गया है। इनमें सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी बात करने की सुविधा और आग से बचाव की आधुनिक व्यवस्था है। साथ ही साफ टायलेट, अच्छी रोशनी, मोबाइल चार्जिंग और आरामदायक सीढ़ियां दी गई हैं। दोनों तरफ इंजन होने से ट्रेन की गति और प्रदर्शन भी बेहतर रहेगा। 'पुश-पुल' तकनीक की वजह से यह ट्रेन तेज रफ्तार पकड़ने और समय की बचत करने में सक्षम है।