रायपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के लिए एक ऐतिहासिक बदलाव की पटकथा लिखी जा रही है, जहां वर्षों से भौगोलिक दूरी और सीमित कनेक्टिविटी विकास में बाधा बनी हुई थी. अब रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण के साथ यह तस्वीर तेजी से बदलने वाली है. भारतमाला परियोजना के तहत तैयार हो रहा यह छह लेन का ग्रीनफील्ड कॉरिडोर न केवल सड़क संपर्क को सशक्त करेगा बल्कि बस्तर को सीधे वैश्विक बाजार से जोड़ने का मार्ग भी प्रशस्त करेगा. यह परियोजना बस्तर जैसे लैंड-लॉक्ड क्षेत्र के लिए किसी आर्थिक क्रांति से कम नहीं मानी जा रही है.
वर्तमान समय में जगदलपुर से विशाखापट्टनम तक का सफर कठिन घाटों और घुमावदार रास्तों से होकर गुजरता है, जिसमें सात से नौ घंटे तक का समय लग जाता है. इस दौरान ओडिशा के कोरापुट और जयपुर के पहाड़ी मार्ग न केवल यात्रा को लंबा बनाते हैं बल्कि भारी वाहनों के लिए यह मार्ग जोखिमपूर्ण और खर्चीला भी साबित होता है. नए कॉरिडोर के निर्माण के बाद यही दूरी महज साढ़े तीन से चार घंटे में पूरी की जा सकेगी. सीधे और सुगम मार्ग के कारण ईंधन की बचत होगी और वाहनों के रखरखाव का खर्च भी कम होगा, जिससे परिवहन क्षेत्र को बड़ी राहत मिलेगी.
इस कॉरिडोर का एक अहम हिस्सा नबरंगपुर इंटरचेंज होगा, जो बस्तर के लिए प्रवेश द्वार की भूमिका निभाएगा. जगदलपुर से मात्र 50 से 60 किलोमीटर की दूरी तय कर वाहन इस इंटरचेंज के जरिए सीधे कॉरिडोर से जुड़ सकेंगे. इससे बस्तर का संपर्क विशाखापट्टनम पोर्ट से आसान हो जाएगा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए अवसर खुलेंगे. यह कनेक्टिविटी स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में निर्णायक साबित होगी.
बस्तर अपने प्राकृतिक संसाधनों और विशिष्ट उत्पादों के लिए जाना जाता है. यहां की अरेबिका कॉफी, जैविक इमली, महुआ से बने उत्पाद और पारंपरिक ढोकरा शिल्प लंबे समय से पहचान रखते हैं, लेकिन सीमित पहुंच के कारण ये उत्पाद बड़े बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे. अब इस कॉरिडोर के माध्यम से इन उत्पादों को विशाखापट्टनम बंदरगाह तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा. परिवहन लागत कम होने से ये उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उपलब्ध होंगे, जिससे स्थानीय किसानों, कारीगरों और संग्रहकर्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा.
इस परियोजना का प्रभाव केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी. बस्तर, कांकेर और कोंडागांव जैसे क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की पहुंच बेहतर होगी. सड़क संपर्क मजबूत होने से इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ेगा और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, जिनमें लॉजिस्टिक्स, तकनीकी सेवाएं, प्रबंधन और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में बड़ी संभावनाएं दिखाई दे रही हैं.
खनिज संपदा से समृद्ध बस्तर क्षेत्र इस कॉरिडोर के जरिए और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगा. यहां से निकलने वाला लौह अयस्क और अन्य खनिज अब तेजी से बंदरगाह तक पहुंच सकेंगे, जिससे निर्यात में वृद्धि होगी. इसके साथ ही कॉरिडोर के किनारे नए औद्योगिक क्लस्टर विकसित होने की संभावना है, जो स्थानीय स्तर पर उत्पादन और रोजगार को बढ़ावा देंगे. यह परियोजना छत्तीसगढ़ को औद्योगिक दृष्टि से और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
पर्यटन के क्षेत्र में भी यह कॉरिडोर नई संभावनाएं लेकर आएगा. बस्तर दशहरा, दंतेश्वरी मंदिर, ढोलकल गणेश, कुतुमसर गुफाएं और चित्रकोट व तीरथगढ़ जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थल अब देश-विदेश के पर्यटकों के लिए अधिक सुलभ हो जाएंगे. बेहतर सड़क संपर्क के कारण पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी.
इस परियोजना में पर्यावरण संतुलन का भी विशेष ध्यान रखा गया है. कांकेर जिले के केशकाल क्षेत्र में 2.79 किलोमीटर लंबी राज्य की पहली ट्विन-ट्यूब टनल बनाई जा रही है, जो इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है. यह टनल इको-सेंसिटिव जोन से होकर गुजरती है और इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि वन्यजीवों की आवाजाही प्रभावित न हो. इसके अलावा पूरे मार्ग में मंकी कैनोपी, एनिमल अंडरपास और ओवरपास जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बना रहे.
करीब 16 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह 464 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर छत्तीसगढ़ के आर्थिक परिदृश्य को बदलने की क्षमता रखता है. यह परियोजना न केवल दूरी कम करेगी बल्कि बस्तर जैसे जनजातीय क्षेत्रों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ने का माध्यम बनेगी. राज्य सरकार का मानना है कि यह कॉरिडोर आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा.
सरकार के अनुसार इस परियोजना से प्रदेश में कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी. आधुनिक सड़क नेटवर्क के जरिए लोगों और माल परिवहन को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाया जा रहा है. इससे व्यापार, निवेश और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे और छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी.
रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर को बस्तर के लिए एक ऐसे सेतु के रूप में देखा जा रहा है, जो उसे देश ही नहीं बल्कि दुनिया से जोड़ने का काम करेगा. यह परियोजना आने वाले समय में बस्तर की पहचान को बदलने और उसे वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.