भोपाल। राजधानी में शिक्षक भर्ती 2025 (वर्ग-2 एवं वर्ग-3) के अभ्यर्थियों का आंदोलन शनिवार को एक बार फिर उग्र रूप ले चुका है। भर्ती में रिक्त पदों की संख्या बढ़ाने और चयनित उम्मीदवारों को तत्काल नियुक्ति पत्र सौंपने की मुख्य मांग को लेकर सैकड़ों युवा शहर के प्रमुख बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जमा हो गए।
प्रशासनिक अनुमति न मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकालते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के निवास तक पहुंचेंगे और उन्हें ज्ञापन सौंपेंगे। उल्लेखनीय है कि ये अभ्यर्थी इससे पूर्व लोक शिक्षण संचालनालय के समक्ष लगातार लगभग दो महीने तक धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल कर चुके हैं। अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि जब तक सरकार पदों में इजाफा कर पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं करती, तब तक उनका यह आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।