हरदीप सिंह पुरी ने 'भारत के दिल' से जोड़ा पत्नी का नाम, राज्यसभा पर्चा भरकर लिखा दिल छू लेने वाला भावुक संदेश, पीएम मोदी को कहा शुक्रिया

Edited by: चैतन्य सोनी|नवभारतटाइम्स.कॉम•31 Oct 2026, 9:48 pm IST

Hardeep Singh Puri: राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्य प्रदेश से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र किया। उन्होंने पत्नी लक्ष्मी पुरी का नाम लेते हुए लिखा कि MP के भाई-बहनों के साथ उनका लंबे समय से जुड़ाव रहा है और अब इस रिश्ते में एक नया अध्याय जुड़ गया है...

हाइलाइट्स

  • भाजपा ने 28 अक्टूबर को पुरी को उम्मीदवार घोषित किया था
  • राज्यसभा की सीट एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई
  • उपचुनाव के लिए 12 नवंबर को मतदान और मतगणना होगी
Hardeep singh puri Rajyasabha Namankan

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा नामांकन भरने के बाद एमपी की जनता के लिए लिखा भावुक संदेश।

भोपाल: केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नामांकन के बाद पुरी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश से अपने और पत्नी लक्ष्मी पुरी के पुराने रिश्ते का खास तौर पर जिक्र किया।

लक्ष्मी और मेरा मध्य प्रदेश से पुराना रिश्ता

हरदीप सिंह पुरी ने अपने संदेश में लिखा, 'आज भारत के हृदय स्थल मध्य प्रदेश के हमारे भाइयों और बहनों के साथ लक्ष्मी और मेरे लंबे जुड़ाव में एक महत्वपूर्ण नया अध्याय जुड़ा है।' उन्होंने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व का उन पर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद दिया। पुरी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में उन्होंने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है।

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रहे मौजूद

नामांकन प्रक्रिया भोपाल स्थित मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में पूरी हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अलावा उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा ने 28 अक्टूबर को हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किया था। यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मुरुगन ने 13 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता छोड़ी थी।

12 नवंबर को होगा राज्यसभा उपचुनाव

मध्य प्रदेश की इस राज्यसभा सीट के लिए 12 नवंबर को मतदान और मतगणना निर्धारित है। नामांकन दाखिल करने के साथ ही पुरी की उम्मीदवारी औपचारिक रूप से चुनाव प्रक्रिया में शामिल हो गई है। उनका राज्यसभा कार्यकाल चुनाव परिणाम और निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय होगा।
 
  • हरदीप सिंह पुरी ने भोपाल में राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रहे मौजूद।
  • पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व का जताया आभार।
हरदीप सिंह पुरी का संदेश उनके नामांकन के साथ मध्य प्रदेश से उनके पुराने जुड़ाव को भी सामने लाता है। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने संदेश में केवल राजनीतिक नेतृत्व का आभार नहीं जताया, बल्कि पत्नी लक्ष्मी पुरी के साथ प्रदेश के लोगों से लंबे रिश्ते का भी उल्लेख किया।।

Leave Comments

Top