अतिथि शिक्षकों के भविष्य को लेकर सरकार का सकारात्मक रुख, मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा: ASS

Updesh Awasthee    personUpdesh Awasthee    10/28/2026 11:31:00 PM3 minute read
भोपाल, 28 अक्टूबर 2026: मध्यप्रदेश के शासकीय विद्यालयों में वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे अतिथि शिक्षकों के भविष्य, सम्मान एवं सेवा सुरक्षा से जुड़ी जायज मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल हुई। भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री श्री अरविंद मिश्रा जी, मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री संजय सिंह जी तथा प्रदेश महामंत्री माननीय श्री कुलदीप सिंह गुर्जर साहब के सशक्त नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अतिथि शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल की स्कूल शिक्षा मंत्री माननीय श्री उदय प्रताप सिंह जी के साथ महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में अतिथि शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री तूफान सिंह शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री अरुण गिरि गोस्वामी एवं प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री श्री रूपेश जगा ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए अतिथि शिक्षकों की संवैधानिक एवं न्यायोचित मांगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मंत्रालय से स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. संजय गोयल जी, श्री कोमल खरे जी तथा लोक शिक्षण संचालनालय से सुश्री कामना आचार्य जी एवं श्री संजय अवस्थी जी की उपस्थिति में मांग पत्र के प्रत्येक बिंदु पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। चर्चा के दौरान अतिथि शिक्षकों की समस्याओं, उनके दीर्घकालीन कार्यानुभव, सेवा संबंधी कठिनाइयों तथा सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल को मांगों के संबंध में सभी संबंधित पक्षों की ओर से सकारात्मक संकेत प्राप्त हुए।
बैठक में उस समय अतिथि शिक्षकों की उम्मीदों को विशेष बल मिला, जब स्कूल शिक्षा मंत्री माननीय श्री उदय प्रताप सिंह जी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी भी चाहते हैं कि समस्याओं का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर हो तथा आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। मंत्री जी के इस कथन से अतिथि शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद मजबूत हुई।

वर्षों के संघर्ष और समर्पण को मिले सम्मान, सुरक्षित हो अतिथि शिक्षकों का भविष्य

अतिथि शिक्षक प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार हैं। वर्षों से सीमित मानदेय और अनेक सेवा संबंधी चुनौतियों के बीच विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में योगदान देने वाले इन शिक्षकों की अपेक्षा है कि उनके कार्यानुभव, समर्पण एवं सेवाओं को उचित सम्मान मिले और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस नीतिगत निर्णय लिए जाएं।
इस सकारात्मक बैठक से प्रदेश के हजारों अतिथि शिक्षकों में नई आशा का संचार हुआ है। अब सभी की निगाहें शासन द्वारा मांगों के निराकरण की दिशा में उठाए जाने वाले आगामी कदमों और जारी होने वाले आधिकारिक आदेशों पर टिकी हैं।
आभार एवं धन्यवाद
अतिथि शिक्षक संघ मध्यप्रदेश की ओर से भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री श्री अरविंद मिश्रा जी, प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री संजय सिंह जी एवं प्रदेश महामंत्री माननीय श्री कुलदीप सिंह गुर्जर साहब तथा श्रीमान शिवपाल यादव जी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। साथ ही स्कूल शिक्षा मंत्री माननीय श्री उदय प्रताप सिंह जी तथा बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति अतिथि शिक्षकों की जायज मांगों को गंभीरता से सुनने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए कृतज्ञता व्यक्त की गई।
अतिथि शिक्षक संघ को आशा है कि वर्षों से संघर्षरत अतिथि शिक्षकों की जायज मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय लेकर उनके सम्मान, सेवा सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक पहल की जाएगी।

Leave Comments

Top