एशियाई खेल: उद्घाटन समारोह के बाद भावुक हुईं मनु भाकर, जसपाल राणा को किया याद; बोलीं- सर की बहुत याद आई

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नागोया Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Sat, 19 Sep 2026 07:59 PM IST

ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने शनिवार को कहा कि एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान उन्हें अपने दिवंगत कोच जसपाल राणा की बहुत याद आई। कबड्डी स्टार पवन सहरावत के साथ भारतीय ध्वज थामकर समारोह में हिस्सा लेना मनु के लिए यह मौका और भावुक बन गया।

Olympic medallist Manu Bhaker said she missed her late coach Jaspal Rana during Asian Games opening ceremony

जसपाल राणा और मनु भाकर - फोटो : @realmanubhaker

विस्तार

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल की अगुआई करते हुए झंडा थामने को एक भावुक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस खास मौके पर उन्हें अपने दिवंगत कोच और मेंटर जसपाल राणा की बहुत याद आई। मनु राणा को याद कर भावुक हो गईं। मालूम हो कि मनु और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक थे। 
मनु ने बताया भावुक पल
उद्घाटन समारोह के बाद मनु भाकर ने कहा, 'यह भावुक पल था। मुझे जसपाल राणा सर की बहुत याद आई।' मनु के लिए यह मौका राणा की यादें भी ताजा कर गया, जिन्होंने उनके करियर में अहम भूमिका निभाई थी और टोक्यो 2020 ओलंपिक की निराशा के बाद उन्हें अपनी फॉर्म वापस पाने में मदद की थी। मनु भाकर के कोच राणा, जिनका 11 जून 2026 को 49 साल की उम्र में स्टेंट प्रक्रिया के बाद हुई दिक्कतों के कारण निधन हो गया था, उनके लिए सिर्फ एक मेंटर से कहीं बढ़कर थे। वे एक गाइड और दोस्त थे जिन्होंने खेल के उच्चतम स्तर पर उनकी वापसी में अहम भूमिका निभाई थी।
राणा की देखरेख में भाकर ने टोक्यो ओलंपिक के बाद अपना आत्मविश्वास फिर से हासिल किया और 2024 में हुए पेरिस ओलंपिक गेम्स में इतिहास रचते हुए दो कांस्य पदक जीते। राणा के निधन के बाद मनु ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जाहिर किया था और इस नुकसान को कभी न हो पाने वाली भरपाई बताया था ट्रेनिंग कैंप के लिए देहरादून में रहने के दौरान उन्होंने राणा के घर और एकेडमी जाकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी थी।
एशियाड में तीसरी बार ले रहीं हिस्सा
एशियन गेम्स का उद्घाटन समारोह मनु भाकर के लिए और भी खास थी, क्योंकि वह इस महाद्वीपीय इवेंट के अपने तीसरे संस्करण में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने पहली बार जकार्ता और पालेमबांग में एशियन गेम्स 2018 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जब वह सिर्फ 16 साल की थीं। भारत की अनुभवी निशानेबाज 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी खेली थीं, जहां वह भारत की स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला 25 मीटर पिस्टल टीम का हिस्सा थीं।
इसी बीच, नागोया के मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह के साथ 20वें एशियन गेम्स की औपचारिक शुरुआत हो गई। जापान के सम्राट नारुहितो ने आधिकारिक तौर पर इस महाद्वीपीय खेल आयोजन का उद्घाटन किया। शुरुआत में मनु भाकर को भारत की महिला ध्वजवाहक और शॉट पुटर तेजिंदरपाल सिंह तूर को पुरुष ध्वजवाहक के तौर पर चुना गया था। हालांकि, तकनीकी कारणों से तेजिंदरपाल समारोह में शामिल नहीं हो सके और उनकी जगह सहरावत ने यह जिम्मेदारी संभाली।

Leave Comments

Top