नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक एकत्रीकरण कार्यक्रम के चलते रविवार को शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। लाल परेड मैदान में होने वाले कार्यक्रम में भोपाल सहित आसपास के जिलों से करीब 30 से 35 हजार स्वयंसेवकों और उनके परिवारों के पहुंचने की संभावना है।
इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने भारी, मध्यम, हल्के व्यावसायिक वाहनों और यात्री बसों के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है।
- हमीदिया रोड से अल्पना तिराहा होकर रोशनपुरा की ओर जाने वाले अनुमति प्राप्त भारी, मध्यम, हल्के व्यावसायिक और यात्री वाहन संगम टॉकीज तिराहा से बजरिया तिराहा, 80 फीट रोड, अशोका गार्डन, प्रभात चौराहा, सुभाष ओवरब्रिज और बोर्ड ऑफिस होकर आवागमन कर सकेंगे।
- जिन्सी चौराहा से पुराने पीएचक्यू की ओर आने-जाने वाले वाहन लिली चौराहा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
मुख्य मार्गों पर रहेगा भारी ट्रैफिक
- कार्यक्रम स्थल पर लोगों की संख्या और वाहनों का दबाव बढ़ने पर संगम टॉकीज तिराहा, भारत टॉकीज चौराहा, लिली तिराहा, जिन्सी चौराहा, थाना एमपी नगर चौराहा, रोशनपुरा और मछलीघर से यातायात का लगातार डायवर्जन किया जाएगा।
- कार्यक्रम के दौरान भोपाल स्टेशन और नादरा बस स्टैंड जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित रहेगा।