विकास योजनाओं का कवच बना केंद्रीय बजट, बेरोजगारी भी घटेगी

मुख्यमंत्री ने कहा टेक्सटाइल और एआई से प्रदेश की तरक्की को मिलेगी नई उड़ान
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय बजट 2026-27 को संभावनाओं से भरा और दूरदर्शी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट से टेक्सटाइल और एआई से प्रदेश की तरक्की को नई उड़ान मिलेगी।
कुशाभाऊ ठाकरे सेंटर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र का यह बजट मध्य प्रदेश की विकास योजनाओं को नई गति प्रदान करेगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बजट एक-दूसरे की आत्मा से तालमेल बिठाकर चल रहे हैं। उन्होंने रेल बजट को ’क्रांतिकारी’ बताते हुए कहा कि इससे कनेक्टिविटी और व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे। बजट में निवेशकों के विश्वास को कायम रखा गया है। यह केवल एक साल का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि भविष्य की भावी योजनाओं का रोडमैप है।
बेरोजगारी दर में भारी गिरावट
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में बेरोजगारी की दर में तेजी से सुधार हुआ है। अब यह घटकर मात्र डेढ़ (1.5) प्रतिशत रह गई है, जो राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने बजट के उन पहलुओं पर प्रकाश डाला जिनसे मध्य प्रदेश सीधे तौर पर लाभान्वित होगा। उन्होंने बताया कि 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। हर जिले में एक महिला छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत जिला अस्पतालों का अपग्रेडेशन और बुजुर्गों के लिए ’केयर इकोसिस्टम’ के तहत विशेष चिकित्सा सुविधाएं। गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती होने से आमजन को राहत मिलेगी। साथ ही छोटे शहरों में तीर्थ स्थलों का विकास होगा।
प्रदेश में सस्ता हो सकता है पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल और डीजल पर वैट कम हो सकता है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सामने पेट्रोल-डीजल का वैट कम करने की चुनौती है। जो जितनी ड्यूटी देगा, उसके हिसाब से उसे केंद्र रिटर्न देगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इसमें समय-समय पर राहत दी जाती है। 18 फरवरी को आने वाले मध्य प्रदेश के बजट में हमारा प्रयास रहेगा।
अगले 10 वर्षों की दिशा तय करेगा बजटः खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह बजट भय मुक्त टैक्स व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम है। रणनीतिक उत्पादों के निर्माण और मालगाड़ियों के लिए अलग कॉरिडोर बनाने की घोषणा से लॉजिस्टिक्स खर्च कम होगा, जिससे व्यापार और निर्यात में मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी बढ़ेगी।

Leave Comments

Top