’गुटबाजी साधने और संतुलन बनाने में जुटी कांग्रेस

स्थानीय नेताओं से रायशुमारी के बाद तय होंगे नाम
भोपाल। दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अब पूरी तरह जमीनी जमावट में जुट गई है। पार्टी का मुख्य फोकस आपसी गुटबाजी को खत्म कर एक संतुलित संगठन खड़ा करने पर है। इसी रणनीति के तहत प्रदेश कांग्रेस ने छिंदवाड़ा, सागर और मऊगंज के बाद अब 20 अन्य जिलों में जम्बो कार्यकारिणी के गठन का होमवर्क पूरा कर लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी इन दिनों विंध्य, चंबल और मालवा के तूफानी दौरे पर हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर चल रही खींचतान को समाप्त करना है। पटवारी स्वयं स्थानीय नेताओं, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से आमने-सामने चर्चा कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पटवारी की कोशिश है कि कार्यकारिणी में सभी गुटों को प्रतिनिधित्व मिले ताकि आगामी चुनौतियों का सामना एकजुट होकर किया जा सके। प्रदेष कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि नियुक्तियों में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला अध्यक्षों और क्षेत्रीय क्षत्रपों को 10 फरवरी तक अपने-अपने क्षेत्रों से सक्रिय कार्यकर्ताओं के नाम भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इन नामों की बारीकी से स्क्रीनिंग की जाएगी ताकि केवल उन्हीं चेहरों को जगह मिले जो संगठन के प्रति समर्पित हों।
ब्लॉक स्तर पर फोकस
कांग्रेस द्वारा अब तक 800 ब्लॉक अध्यक्ष’’ पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं। 200 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को तेजी से करने की कवायद जारी है। 20 फरवरी तक पूरे प्रदेश में संगठनात्मक रीसेट पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि कांग्रेस का यह नया स्वरूप क्षेत्रीय संतुलन और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। दिल्ली से मिले स्पष्ट संदेश के बाद अब संगठन में केवल काम करने वालों को ही स्थान मिलेगा।

Leave Comments

Top