भोपाल। प्रदेश पुलिस ने साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के बीच बच्चों और युवाओं को सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनाने के लिए एक बड़ी पहल की है। राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में साइबर सुरक्षा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से शुरू किए गए इस विशेष अभियान में प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ ने इंटरनेट का जिम्मेदारी से उपयोग करने का संकल्प लिया।
डिजिटल दौर में इंटरनेट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते चलन के कारण बच्चे और किशोर साइबर ठगी, ऑनलाइन उत्पीड़न और फिशिंग जैसी गतिविधियों का आसानी से शिकार हो रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राजधानी भोपाल से लेकर दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक एक साथ यह जागरूकता संदेश दिया गया कि डिजिटल दुनिया में हर एक श्क्लिकश् सोच-समझकर करना कितना जरूरी है।
सतर्क रहने की ली शपथ
पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को पासवर्ड, ओटीपी और बैंकिंग जैसी व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अजनबी से साझा न करना, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करना और बिना पुष्टि के कोई भी जानकारी आगे शेयर न करना, ऑनलाइन गेमिंग और चौटिंग के दौरान पूरी तरह सतर्क रहना, किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की स्थिति में तुरंत माता-पिता, शिक्षकों या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचित करने की शपथ दिलाई गई।