भोपाल। प्रदेश में सूरज के कड़े तेवर और आसमान से बरसती आग के बीच स्कूल शिक्षा विभाग प्रदेश के लाखों शिक्षकों और स्कूली बच्चों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। राज्य में चिलचिलाती धूप और रिकॉर्ड तोड़ते तापमान को देखते हुए सरकार ग्रीष्मकालीन अवकाश (गर्मियों की छुट्टियां) को आगे बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सब कुछ ठीक रहा तो शिक्षकों की छुट्टियां 15 दिन और बच्चों की छुट्टियां एक सप्ताह के लिए बढ़ाई जा सकती हैं।
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, शिक्षकों का ग्रीष्मकालीन अवकाश आगामी 31 मई को समाप्त हो रहा था और उन्हें 1 जून से स्कूलों में उपस्थिति दर्ज करानी थी। लेकिन विभागीय सूत्रों का कहना है कि भीषण गर्मी को देखते हुए अब इस अवकाश को 15 जून तक बढ़ाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। गौरतलब है कि शिक्षकों की ये छुट्टियां 1 मई से शुरू हुई थीं। शिक्षकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भी शिक्षा विभाग बड़ा फैसला लेने जा रहा है। पहले के आदेश के मुताबिक बच्चों की छुट्टियां 15 जून को समाप्त हो रही थीं, जिसे अब बढ़ाकर 22 जून करने का प्रस्ताव है। अगर ऐसा होता है, तो नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत अब और आगे खिसक जाएगी, जिससे नौनिहालों को चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों से बड़ी राहत मिलेगी।
जल्द जारी हो सकते हैं आदेश
प्रदेश में बढ़ते पारे के कारण लगातार शिक्षक संगठनों और अभिभावकों द्वारा छुट्टियां बढ़ाने की मांग की जा रही थी। जनभावनाओं और मौसम के मिजाज को देखते हुए सरकार इस प्रस्ताव पर तेजी से काम कर रही है। माना जा रहा है कि स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी कर दिए जाएंगे।