भोपाल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस अपने संगठनात्मक ढांचे को जमीनी स्तर पर धार देने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। संगठन के कामकाज की रफ्तार बढ़ाने और खाली पड़े पदों को भरने के लिए अब मनोनयन (नॉमिनेशन) का सहारा लिया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश संगठन ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए सभी जिला अध्यक्षों, जोन और जिला प्रभारियों को आगामी 10 जून तक अनिवार्य रूप से योग्य उम्मीदवारों के नामों का पैनल भेजने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, पिछले संगठनात्मक चुनावों के दौरान कई जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में तय मापदंडों के अनुसार पदाधिकारियों के पद खाली रह गए थे, जिससे जमीनी स्तर पर पार्टी का कामकाज प्रभावित हो रहा था। अब राष्ट्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद इन रिक्तियों को जल्द से जल्द भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। युवा कांग्रेस के तय नियमों के अनुसार कमेटियों का आकार निर्धारित है, जिसे इस मनोनयन प्रक्रिया से पूरा किया जाना है। इसके तहत जिला कमेटी (कुल 31 पद) 1 अध्यक्ष, 10 उपाध्यक्ष और 20 महासचिव, विधानसभा कमेटी (कुल 27 पद) 1 अध्यक्ष, 6 उपाध्यक्ष और 20 महासचिव है। चुनाव के समय कई क्षेत्रों में इस तय संख्या के अनुरूप प्रत्याशी निर्वाचित नहीं हो सके थे। आगामी चुनावों और राजनैतिक चुनौतियों को देखते हुए हाईकमान के निर्देश पर अब खाली सीटों को योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं से भरकर संगठन को हर बूथ पर मजबूत करने की तैयारी है।