प्रदेशभर में चलेगा जागरूकता अभियान
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ ने प्रदेशभर में उपभोक्ता अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बाजार में बढ़ती अनियमितताओं और भ्रामक गतिविधियों के कारण आम उपभोक्ता लगातार शोषण का शिकार हो रहा है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ल ने कहा कि संगठन जल्द ही प्रदेशभर में प्रशिक्षण शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत बनाना तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र सिंह ने कहा कि अधिकारों की जानकारी के अभाव में उपभोक्ता स्वयं को ठगा और असहाय महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ठेकेदार और प्रभावशाली लोग आम जनता को गुमराह कर अप्रत्यक्ष रूप से ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उपभोक्ताओं की लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ा होना चाहिए। बैठक में भारतीय मानक ब्यूरो के प्रतिनिधियों ने उपभोक्ता अधिकारों और गुणवत्ता मानकों को लेकर विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया।