सरकारी कॉलेजों में छात्रों की हाजिरी बढ़ाने एआई का सहारा

 प्रोफेसर्स सीखेंगे टीचिंग के मॉडर्न गुर,  एडवांस वर्कशॉप 22 मई से
भोपाल। प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति (अटेंडेंस) बढ़ाने और क्लासरूम को हाईटेक बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग बड़ा कदम उठाने जा रहा है। समय के साथ तेजी से बढ़ रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में प्रोफेसर खुद को कैसे अपग्रेड करें और अपनी टीचिंग स्किल्स को कैसे निखारें, इसके गुर अब एनआईआईटी फाउंडेशन सिखाएगा।
विभाग प्रदेश के सरकारी कॉलेजों के प्राध्यापकों और शैक्षणिक संवर्ग के लिए ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है, ताकि कॉलेज स्तर पर ही पढ़ाई को इतना रोचक और प्रभावी बनाया जा सके कि छात्र खुद-ब-खुद क्लास खींचें चले आएं। उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दो दिवसीय विशेष कार्यशाला राजधानी भोपाल के होटल रेजीडेंसी में आगामी 22 और 23 मई को आयोजित की जाएगी। उच्च शिक्षा आयुक्त ने प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों के प्राचार्यों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। पत्र में कहा गया है कि इस महत्वपूर्ण ट्रेनिंग के लिए चयनित प्रोफेसरों और अन्य शैक्षणिक स्टाफ को अनिवार्य रूप से कार्यशाला में शामिल होने के लिए कार्यमुक्त किया जाए। यह इस प्रशिक्षण का 2.2 एडवांस वर्जन है। इससे पहले भी प्राध्यापकों को शुरुआती दौर का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिसके फीडबैक के आधार पर इस बार एडवांस टूल्स को शामिल किया गया है। कार्यशाला में प्रदेशभर से आए 40 से अधिक चुनिंदा मास्टर ट्रेनर्स (शैक्षणिक संवर्ग) को प्रशिक्षित किया जाएगा।
डिजिटल ब्लैकबोर्ड पर दिखेगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दम
इस वर्कशॉप का मुख्य एजेंडा कॉलेजों में केवल छात्रों की भौतिक उपस्थिति बढ़ाना ही नहीं, बल्कि क्लासरूम के भीतर उनके लर्निंग आउटकम को सुधारना भी है। दो दिवसीय सत्रों के दौरान प्रोफेसरों को सिखाया जाएगा कि वे अपनी पारंपरिक शिक्षण शैली में आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी का समावेश कैसे करें। छात्र केवल क्लास में बैठें नहीं, बल्कि जो पढ़ाया जा रहा है उसे पूरी तरह से ग्रहण (अडॉप्ट) कर सकें, इसके लिए विशेष टीचिंग टूल्स की ट्रेनिंग दी जाएगी। पढ़ाई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कैसे किया जाए और विद्यार्थियों को इसके सकारात्मक व रचनात्मक इस्तेमाल के लिए कैसे प्रेरित किया जाए, इसका पूरा रोडमैप इस ट्रेनिंग में तैयार होगा।

Leave Comments

Top