
संघ लेाक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कराने वाली चर्चित मेंटर शुभ्रा रंजन के साथ भोपाल में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उनके ही पूर्व छात्र और बिजनेस पार्टनर प्रियंक शर्मा ने उन्हें बंधक बनाकर करीब दो करोड़ रुपये ऐंठ लिए। मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। शनिवार को उसे गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पांच आरोपी और गिरफ्तार किए गए हैं। अब तक कुल छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं। एक आरोपी फरार हैं और एक संदेही युवक भी फरार है। पुलिस उक्त दोनों की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक इस मामले में कुल आठ व्यक्तियों की मिलीभगत सामने आ रही है। आरोपी बागसेवनिया के जिस फ्लैट में शुभ्रा रंजन को कई घंटे तक बंधक बनाए रखा, उसमें सुंदरकांड का पाठ कराना शुरू कर दिया था, ताकि किसी प्रकार का शोर बाहर न जा सके। मुख्य आरोपी प्रियंक शर्मा ने अपनी दो संस्थाओं के बैंक खातों में 1 करोड़ 89 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए थे।