प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पार्टी पर जबरदस्त निशाना साधा। पीएम मोदी ने बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री की कुर्सी के पास आकर प्रदर्शन करने वालीं कांग्रेस महिला सासंदों को भी निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने मेरठ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सांसदों को भेजकर सीट पर कब्जा करने से आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। वहीं उन्होंने एआई समिट के दौरान हुए प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
पीएम का कांग्रेस पर वार
पीएम मोदी ने कहा, अगर आपको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो पहले आपको जनता के दिल जीतने पड़ेंगे, महिला सांसदों को भेज करके सीट पर कब्जा करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हो। क्या आप लोग इतने खोखले हो गए हो कि माताओं-बहनों को इसके लिए आगे कर रहे हो। कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है। एक बात की मुझे संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की भरपूर आलोचना करने की हिम्मत दिखाई है। मैं इसके लिए उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करता हूं।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस की हरकतों का यह सिलसिला लगातार चल रहा है और वह संसद में खुद कुछ कर नहीं कर पा रहे हैं तो अपने साथी दलों को भी बोलने का मौका नहीं दे रहे। प्रधानमंत्री ने कहा, संसद को चलने नहीं देते और उसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के सहयोगी दलों को पहुंच रहा है।
'कांग्रेस ने वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया'
पीएम मोदी ने कहा कि
एक तरफ आज देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एआई इम्पैक्ट समिट हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। पूरा देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया? कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।''
देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई- मोदी
उन्होंने आगे कहा, 'समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि आपको कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी। कांग्रेस के नेताओं ने वहां पर जो कुछ किया, वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है। कांग्रेस तो अपने देश को ही बदनाम करने में जुटी है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है, वे मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, और उन्हें भाजपा और एनडीए से विरोध है। कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि एआई ग्लोबल समिट भाजपा का समारोह नहीं था। यह देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था। लेकिन, कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दी। आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए, इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय बेशर्मी के साथ गरजते हैं, और यह मामला कांग्रेस की हरकतों का लगातार चल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि संसद में अपने साथी दलों को भी बोलने का मौका नहीं देते हैं। संसद को चलने नहीं देते हैं। इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है। एआई समिट में कांग्रेस ने जो किया है, उससे साथी दल भी चौक गए हैं। सबने इससे किनारा कर लिया।