SL vs AUS: क्या खत्म हुआ ऑस्ट्रेलिया का सफर? श्रीलंका की जीत ने बदला सुपर-8 का गणित; निसांका का ऐतिहासिक शतक

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पल्लेकेले Published by: Mayank Tripathi Updated Mon, 16 Feb 2026 11:39 PM IST

श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुपर-8 की राह कठिन हो गई है। टीम लगातार दो मैचों में हार के साथ ग्रुप बी की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है जबकि जिम्बाब्वे चार अंक और 1.984 के नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर है। 

टी20 विश्व कप 2021 की खिताब विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने लचर प्रदर्शन के कारण मौजूदा टूर्नामेंट में बाहर होने के मुहाने पर खड़ी है। सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद उसकी सुपर-8 की राहें कठिन हो गई हैं। अब उसे किसी चमत्कार का इंतजार है। बता दें कि, सोमवार को टी20 विश्व कप 2026 का 30वां मुकाबला पल्लेकेले में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल मार्श और ट्रेविस हैड की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में 10 विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाए और  आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। 
ऑस्ट्रेलिया टीम-पथुम निसांका - फोटो : PTI
जिम्बाब्वे की हार पर निर्भर ऑस्ट्रेलिया का भविष्य
इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया की राहें कठिन हो गई हैं। अब उनपर टी20 विश्व कप में सुपर-8 की दौड़ से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, मिचेल मार्श की अगुवाई वाली टीम लगातार दो मैचों में हार के साथ ग्रुप बी की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है जबकि जिम्बाब्वे चार अंक और 1.984 के नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर है। मंगलवार को जिम्बाब्वे का सामना आयरलैंड से होगा। अगर यह मैच जिम्बाब्वे जीत लेती है तो सुपर-8 में पहुंच जाएगी और ऑस्ट्रेलिया का सफर इस टूर्नामेंट में समाप्त हो जाएगा। ऑस्ट्रेलिया को अपना आखिरी मुकाबला ओमान से खेलना है। वहीं, श्रीलंका शीर्ष स्थान पर है। उसके खाते में छह अंक और 2.462 नेट रन रेट है। 
ग्रुप-बी की अंक तालिका
टीम मैच जीते हारे टाई अंक  नेट रन रेट 
श्रीलंका 3 3 0 0 6 +2.462
जिम्बाब्वे 2 2 0 0 4 +1.984
ऑस्ट्रेलिया 3 1 2 0 2 +0.414
आयरलैंड 3 1 2 0 2 +0.150
ओमान 3 0 3 0 0 -4.546
पथुम निसांका - फोटो : IANS
श्रीलंका की रिकॉर्ड जीत
  • इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के सामने 182 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे टीम ने महज 18 ओवर में हासिल कर लिया।
  • यह रन चेज टी20 विश्व कप के इतिहास में श्रीलंका की सबसे बड़ी सफल लक्ष्य-प्राप्ति रही, साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टूर्नामेंट में किसी भी टीम द्वारा किया गया सबसे बड़ा सफल रन चेज भी बन गया।
  • खास बात यह रही कि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह पहली बार था जब श्रीलंका ने बांग्लादेश या जिम्बाब्वे के अलावा किसी अन्य टीम के खिलाफ 180+ का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया।
  • इतना ही नहीं, यह श्रीलंका की धरती पर किसी भी टीम द्वारा किया गया दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज भी दर्ज हुआ,Australia vs Sri Lanka, 30th Match ICC Men's T20 World Cup 2026 Group B Points Table latest updates
पथुम निसांका - फोटो : IANS
निसांका का नाबाद शतक
  • इस मुकाबले में श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने ताबड़तोड़ प्रदर्शन किया। उन्होंने महज 52 गेंदों में नाबाद शतक जड़कर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
  • वह श्रीलंका के लिए टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए।
  • इससे पहले यह कारनामा महेला जयवर्धने ने किया था। उन्होंने 2010 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 100 रनों की पारी खेली थी।
  • वहीं, निसांका ने नाबाद सैकड़ा जड़ा। वह श्रीलंका के लिए टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए। 

Australia vs Sri Lanka, 30th Match ICC Men's T20 World Cup 2026 Group B Points Table latest updates

पथुम निसांका - फोटो : IANS
निसांका ने रचा इतिहास
  • निसांका ने अपना शतक 52 गेंदों में पूरा किया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में श्रीलंका के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए।
  • इससे पहले कुसल परेरा ने 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 44 गेंदों में शतक पूरा किया था। 
  • दिलचस्प बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप में लगाया गया पहला शतक है।
  • इससे पहले इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 94 रन था, जो उमर अकमल ने 2014 में मीरपुर में बनाया था।
  • यानी अब तक कोई भी बल्लेबाज टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक नहीं लगा पाया था, और यह पारी उस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इतिहास में दर्ज हो गई।

Leave Comments

Top