India-Arab Tise: जयशंकर ने अरब देश के विदेश मंत्रियों से की मुलाकात, सहयोग- शांति समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शुभम कुमार Updated Sat, 31 Jan 2026 01:43 AM IST

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अरब लीग के कई देशों के विदेश मंत्रियों से द्विपक्षीय बैठकें कीं। इनमें व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने और मध्य पूर्व की हाल की घटनाओं का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद आज शनिवार को द्वितीय भारत-अरब विदेश मंत्री बैठक आयोजित होगी।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को कई अरब लीग सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन बैठकों में भारत-अरब देशों के रिश्तों को मजबूत करने, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और मध्य पूर्व में हाल की घटनाओं का व्यापक मूल्यांकन करने पर चर्चा हुई। यह बैठक भारत की कूटनीति और क्षेत्रीय स्थिरता में सक्रिय भूमिका को दर्शाती है।

जयशंकर ने कोमोरोस, लीबिया, सोमालिया और फिलिस्तीन के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने अरब लीग के महासचिव अहमद अबूल घैत से भी भेंट की। बता दें कि नई दिल्ली में आज यानी शनिवार को भारत-अरब लीग द्वितीय विदेश मंत्री बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इन मुलाकातों पर क्या बोले जयशंकर
जयशंकर ने घैत से मिलने के बाद कहा कि हमने सहयोग बढ़ाने और इसे विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत करने पर लंबी चर्चा की। साथ ही क्षेत्र में हाल की घटनाओं पर विचार साझा किए। इसके बाद सोमालिया के विदेश मंत्री अब्दिसलाम अली से बैठक को जयशंकर ने उत्पादक बताया। उन्होंने कहा कि हमने व्यापार, क्षमता निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, वीजा और बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की।लीबिया से व्यापार और ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
लीबिया के विदेश मंत्री एल्ताहेर एस. एम. एल्बौर से उन्होंने व्यापार और ऊर्जा क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। जयशंकर ने कहा कि हमने व्यापार, व्यवसाय, इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने पर उत्पादक चर्चा की। साथ ही लीबिया में स्थिति की जानकारी सराहनीय थी। भारत हमेशा संवाद और कूटनीति के जरिए स्थायी शांति चाहता है।
सूडान में हिंसा समाप्त कर संवाद की आवश्यकता
सूडान के विदेश मंत्री मोहियेल्डिन सलीम अहमद इब्राहिम से मुलाकात में जयशंकर ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण सूडान में हिंसा बंद करने और संवाद शुरू करने का है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग जारी रहेगा और इसे और बढ़ाया जाएगा।                                                                          फलस्तीन के साथ विकास सहयोग पर चर्चा

इसके साथ ही फलस्तीन के विदेश मंत्री वरें अघाबेकियन शाहिन से चर्चा में जयशंकर ने गाजा शांति योजना और क्षेत्रीय घटनाओं पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि हमने विकास सहयोग की समीक्षा की और इसे आगे बढ़ाने के लिए नई पहल करने पर सहमति बनाई।


Leave Comments

Top