अब 18 के बजाय 20 को विदेश के लिए होंगे रवाना
भोपाल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विदेश दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक में शामिल होने के लिए दावोस जाने से पहले मुख्यमंत्री अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया में भाग लेंगे, इसके बाद वे विदेश यात्रा पर रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक में शामिल होने के लिए दावोस जाने वाले हैं, लेकिन उनके विदेश दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले मुख्यमंत्री का दावोस दौरा 18 जनवरी को प्रस्तावित था, जिसे अब दो दिन के लिए टाल दिया गया है। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 और 20 जनवरी को होने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में शामिल होंगे। इस दौरान भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे। मुख्यमंत्री उनके शपथ ग्रहण समारोह में भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद 20 जनवरी को मुख्यमंत्री दिल्ली से दावोस के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के साथ मध्य प्रदेश के 24 वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी दावोस जाएगी। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव की भागीदारी को राज्य के लिए अहम माना जा रहा है। इसके लिए अनुभवी अधिकारियों की टीम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दावोस में मुख्यमंत्री की विभिन्न सेक्टर के वैश्विक उद्योगपतियों और कॉरपोरेट प्रमुखों के साथ राउंड टेबल बैठकें होंगी। इन बैठकों के दौरान मध्य प्रदेश सेंटर फॉर इंडस्ट्रियल रिलेशन स्थापित करने को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है। साथ ही राज्य में निवेश को लेकर मध्य प्रदेश की संभावनाओं को प्रमुखता से रखा जाएगा।