भोपाल। प्रदेश कांग्रेस द्वारा हाल ही में की गई ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर विरोध तेज हो गया है। रतलाम जिला अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद अब नर्मदापुरम जिले के माखननगर ब्लाक में नियुक्त किए गए अध्यक्ष को लेकर विरोध तेज हुआ है।
नर्मदापुरम जिले के माखननगर में कांग्रेस द्वारा मोनू यादव को ब्लाक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसका विरोध स्थानीय कार्यकर्ताओं ने किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता यादव की नियुक्ति को लेकर कह रहे हैं कि हमने कभी भी नवनियुक्त ब्लाक अध्यक्ष को सक्रिय रूप से कांग्रेस के कार्यक्रमों में देखा नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता शैलेन्द्र जोशी ने आरोप लगाया कि नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष द्वारा ऐसे व्यक्ति की नियुक्ति करा दी गई है, जिसे माखननगर के कार्यकर्ता ही नहीं जानते। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में इन दिनों हवाई नेताओ ने सौगंध खा ली है कि कांग्रेस को भाजपा का गुलाम बना कर ही दम लेंगे। जोशी ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री पीसी ष्शर्मा ने जिला अध्यक्ष नर्मदापुरम के कहने पर जिले में ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति की है, हम इन नियुक्तियों का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि वे राहुल गांधी तक अपनी शिकायत कर यह बताएंगें कि प्रदेश के नेता भाजपा से तालमेल कर संगठन को मजबूत करने के बजाय कांग्रेस को और कमजोर कर रहे हैं।