सपा का घोषणा पत्र जारी। - फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
चुनावी घोषणा पत्र प्रस्तुत करने के दौरान अखिलेश यादव अपनी उस इमेज को तोड़ने का प्रयास करते दिखे जो विरोधी पार्टियां उन पर लगाती हैं। अखिलेश ने जोर देकर कहा कि आपराधिक गतिविधियों में जो भी लिप्त पाया जाएगा, उसे जेल भेज दिया जाएगा। फिर वह चाहे किसी भी जाति या धर्म का हो।
अपराध, दंगों और हेट क्राइम पर जीरो टॉलरेंस
अखिलेश यादव ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जाएगी। विशेष रूप से महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ संगठित अपराध व हेट क्राइम को लेकर भी सख्ती बरतने का संकल्प व्यक्त किया गया है। जाति या धर्म के आधार पर किसी भी प्रकार के दंगे न होने देने और महिलाओं तथा अनुसूचित जाति के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर विशेष सतर्कता के साथ प्रभावी कार्रवाई कर उन्हें नियंत्रित करने की बात कही गई है। इसके अलावा प्रदेश भर में माफिया और गुंडों को पनपने न देने तथा उन पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पार्टी संकल्पित है
भूमि कब्जा रोकने के लिए विशेष एसटीएफ और बाजारों में निगरानी
जमीनी विवादों को सुलझाने और माफिया या प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा गरीब, पिछड़े, दलित और असहाय लोगों की जमीन पर कब्जे को रोकने के लिए एक विशेष एसटीएफ गठित करने की बात कही गई है। इसके तहत डायल 100/112 की तर्ज पर अलग रंग की गाड़ियां तैयार की जाएंगी, जो निरंतर गश्त कर भूमि कब्जों पर नियंत्रण रखेंगी। वहीं व्यापारियों, दुकानदारों और उद्यमियों को माफिया व बाहुबलियों के उत्पीड़न से बचाने के लिए प्रमुख बाजारों में डायल 100/112 की गाड़ियां तैनात करने तथा संबंधित जिला अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की व्यवस्था प्रस्तावित है।