सपा का घोषणा पत्र: कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संकेत देने की कोशिश में दिखे अखिलेश, छिपे शब्दों में दी चेतावनी

अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Thu, 26 Nov 2026 06:48 PM IS

Samajwadi Party Manifesto 2027: सपा ने गुरुवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। इस मौके पर अखिलेश यादव कानून व्यवस्था के मुद्दे पर आक्रामक दिखे। 

SP manifesto: Akhilesh Yadav appears to be trying to change his image regarding law and order, gives a veiled
सपा का घोषणा पत्र जारी। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

चुनावी घोषणा पत्र प्रस्तुत करने के दौरान अखिलेश यादव अपनी उस इमेज को तोड़ने का प्रयास करते दिखे जो विरोधी पार्टियां उन पर लगाती हैं। अखिलेश ने जोर देकर कहा कि आपराधिक गतिविधियों में जो भी लिप्त पाया जाएगा, उसे जेल भेज दिया जाएगा। फिर वह चाहे किसी भी जाति या धर्म का हो। 

अपराध, दंगों और हेट क्राइम पर जीरो टॉलरेंस
अखिलेश यादव ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जाएगी। विशेष रूप से महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ संगठित अपराध व हेट क्राइम को लेकर भी सख्ती बरतने का संकल्प व्यक्त किया गया है। जाति या धर्म के आधार पर किसी भी प्रकार के दंगे न होने देने और महिलाओं तथा अनुसूचित जाति के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर विशेष सतर्कता के साथ प्रभावी कार्रवाई कर उन्हें नियंत्रित करने की बात कही गई है। इसके अलावा प्रदेश भर में माफिया और गुंडों को पनपने न देने तथा उन पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पार्टी संकल्पित है

भूमि कब्जा रोकने के लिए विशेष एसटीएफ और बाजारों में निगरानी
जमीनी विवादों को सुलझाने और माफिया या प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा गरीब, पिछड़े, दलित और असहाय लोगों की जमीन पर कब्जे को रोकने के लिए एक विशेष एसटीएफ गठित करने की बात कही गई है। इसके तहत डायल 100/112 की तर्ज पर अलग रंग की गाड़ियां तैयार की जाएंगी, जो निरंतर गश्त कर भूमि कब्जों पर नियंत्रण रखेंगी। वहीं व्यापारियों, दुकानदारों और उद्यमियों को माफिया व बाहुबलियों के उत्पीड़न से बचाने के लिए प्रमुख बाजारों में डायल 100/112 की गाड़ियां तैनात करने तथा संबंधित जिला अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की व्यवस्था प्रस्तावित है।

महिला सुरक्षा के लिए विशेष ढांचा और 1090 का सुदृढ़ीकरण

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीजीपी  के नियंत्रण में एक विशेष महिला पुलिस ढांचा बनाने का प्रस्ताव है, जिसकी पहुंच गांव स्तर तक होगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के विरुद्ध अपराध रोकना और घटना होने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। साथ ही 1090 व्यवस्था को फिर से सुदृढ़ करने और डायल 100/112 को मजबूत बनाने की बात कही गई है, ताकि पुलिस बल कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर नागरिकों और विशेषकर महिलाओं को सुरक्षा प्रदान कर सके।

एआई, सीसीटीवी, ड्रोन और साइबर यूनिट पर जोर
कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में तकनीक के व्यापक उपयोग का खाका भी रखा गया है। इसके तहत सभी जिलों में साइबर क्राइम कंट्रोल के लिए साइबर यूनिट स्थापित की जाएंगी। प्रमुख शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था को एआई युक्त तकनीक से सुधारने और अपराध नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर एआई आधारित व्यवस्था लागू करने की बात कही गई है। इसके अतिरिक्त एक वर्ष के भीतर गांवों और कस्बों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन निगरानी व्यवस्था स्थापित कर उसे यूपी 100/112 नियंत्रण केंद्रों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
यूपी पुलिस में भर्ती, 33% आरक्षण और कर्मियों का कल्याण
पुलिस बल को सशक्त बनाने के लिए यूपी पुलिस के सभी खाली पदों को तत्काल भरने और नई रिक्तियों में महिलाओं को 33% प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की बात कही गई है। पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए काम के घंटे तय करने, साप्ताहिक छुट्टी व वर्क-लाइफ बैलेंस की व्यवस्था करने, पड़ोसी जिलों में तैनाती और पदोन्नति के अवसर देने तथा सभी कर्मियों के लिए सरकारी आवास उपलब्ध कराने का उल्लेख है। इसके साथ ही साइकिल भत्ते के स्थान पर मोटरसाइकिल भत्ता व मोबाइल भत्ता देने, पौष्टिक आहार भत्ता बढ़ाने और पुलिस विभाग में कार्यरत पति-पत्नी की यथासंभव एक ही जिले में पोस्टिंग करने की बात भी शामिल है।

Leave Comments

Top