
एमपी में गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन?
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में कथित अनियमित रजिस्ट्रेशन का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन जारी होने की शिकायत पर टीटी नगर पुलिस ने एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और काउंसिल के एक अधिकारी को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।
थाना प्रभारी की ओर से 26 नवंबर 2026 को जारी नोटिस में शिकायत के संबंध में उपस्थित होकर पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि काउंसिल ने जरूरी दस्तावेजों और शैक्षणिक योग्यता का सत्यापन किए बिना नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र जारी किया
रवि परमार ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर तथा संदिग्ध रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की मांग की है।
रवि परमार का कहना है कि वह पिछले तीन साल से प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता, निरीक्षण, प्रवेश और रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि नर्सिंग रजिस्ट्रेशन स्वास्थ्य सेवाओं में काम करने की वैधानिक पात्रता है। इसमें बिना उचित सत्यापन के प्रमाण-पत्र जारी होना मरीजों की सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर मामला है।
परमार ने पुलिस जांच में सहयोग की बात कही है। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से 29 नवंबर को उपस्थित नहीं हो पाने की जानकारी देते हुए 27 नवंबर को ही बयान दर्ज करने का अनुरोध किया है। उन्होंने मांग की है कि रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों, संस्थानों और डिजिटल पोर्टल की भी जांच हो तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाए।