नई दिल्ली. देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है. दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा छाने और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने का अनुमान है. वहीं, दक्षिण भारत के पांच राज्यों में बारिश और गरज-चमक को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है. दूसरी ओर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी ठंड बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.
दिल्ली-NCR में सुबह कोहरा, प्रदूषण बढ़ा सकता है परेशानी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 1 दिसंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है. तापमान में गिरावट के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में स्मॉग का असर बने रहने की आशंका है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, मुजफ्फरनगर और हापुड़ समेत कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज
25 नवंबर को दिल्ली में इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. पालम में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई. सफदरजंग, आयानगर, राजघाट, नजफगढ़ और मयूर विहार समेत कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी सुबह और रात के समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा है. इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, कई जगह दृश्यता घटी
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चमोली में हिमपात की स्थिति बनी हुई है. जम्मू-कश्मीर के बडगाम, पुलवामा, अनंतनाग और कुपवाड़ा में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है. वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी और बिलासपुर में कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हुई है. ओडिशा के बोलांगीर में दृश्यता घटकर 70 मीटर और हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में करीब 100 मीटर रह गई.
दक्षिण भारत के पांच राज्यों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 26 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 के बीच आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक वर्षा का अनुमान है. इसके अलावा तेलंगाना और कर्नाटक में 25 से 28 नवंबर के दौरान बारिश की संभावना है. कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान आ सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और यनम में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.
इन मौसमी प्रणालियों से बदल रहा मौसम
मौसम में बदलाव के पीछे कई वायुमंडलीय प्रणालियां सक्रिय हैं. निचले वायुमंडल में बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अलावा मन्नार की खाड़ी से तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पूर्वी हवाओं का गर्त सक्रिय है. गुजरात और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के आसपास भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन मौसमी गतिविधियों के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, कोहरा और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.