सहकारी संस्थाओं के चुनाव एक साल टालने पर उठाए सवाल

 रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने सहकारी संस्थाओं के चुनाव एक वर्ष और टालने के कैबिनेट फैसले पर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचित संचालक मंडलों के बजाय वर्षों से सरकारी प्रशासक बैठाकर सहकारिता आंदोलन की मूल भावना और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।
द्विवेदी ने कहा कि 23 नवंबर को मंत्रिपरिषद की बैठक में चुनाव टालने का निर्णय संविधान के 97वें संशोधन की भावना के विपरीत है। उनके अनुसार, राज्य सहकारी बीज संघ में 2005 तथा दुग्ध महासंघ, उपभोक्ता संघ, आवास संघ और राज्य सहकारी बैंक में 2004 से प्रशासक कार्यरत हैं। वहीं 38 जिला सहकारी बैंकों में 2014 से और करीब 5,000 पैक्स व 450 विपणन समितियों में 2018 से चुनाव नहीं हुए हैं। पैक्स और जिला बैंक किसानों की आर्थिक रीढ़ हैं, ऐसे में प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति से सदस्यों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
चुनाव टालने का फैसला वापस ले सरकार
उन्होंने बताया कि सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी का पद जुलाई 2026 और राज्य सहकारी अधिकरण, भोपाल के अध्यक्ष का पद 15 दिसंबर 2025 से रिक्त है, जिससे न्यायिक कार्य भी बाधित हैं। द्विवेदी ने चुनाव टालने का फैसला वापस लेने, समयबद्ध चुनाव कराने और रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग की।
 


Leave Comments

Top