योजनाओं और सेवाओं का लाभ देने के लिए ई-केवाईसी की व्यवस्था

भोपाल। मध्यप्रदेश की बिजली कंपनियां अब विद्युत उपभोक्ताओं को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ देने के लिए आधार आधारित पहचान सत्यापन की व्यवस्था लागू करेंगी। इसके तहत उपभोक्ताओं की पहचान ई-केवाईसी के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि, यह प्रक्रिया पूरी तरह स्वैच्छिक होगी। उपभोक्ता की सहमति के बिना आधार प्रमाणीकरण नहीं किया जा सकेगा। साथ ही आधार के बजाय अन्य पहचान दस्तावेजों के उपयोग का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
ऊर्जा विभाग ने विद्युत उपभोक्ताओं को सुविधाजनक और निर्बाध रूप से सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। इसका मकसद दस्तावेजों की बहुलता को कम करना, पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को सरल बनाना और बिजली कंपनियों की वितरण प्रणाली (डिस्कॉम) में उपभोक्ताओं का विवरण अद्यतन करना है। विभिन्न योजनाओं का लाभ देने और सेवा संबंधी अनुरोधों के दौरान उपभोक्ताओं की पहचान प्रमाणित करने के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी का उपयोग किया जाएगा।
आधार नहीं देने पर नहीं रुकेगी सुविधा
नई व्यवस्था में उपभोक्ताओं को आधार नंबर उपलब्ध कराने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। आधार प्रमाणीकरण पूरी तरह स्वैच्छिक रहेगा और इसके लिए उपभोक्ता की सहमति लेना अनिवार्य होगा। यदि कोई उपभोक्ता आधार नंबर नहीं देना चाहता है तो उसे बिजली कंपनियों की सेवाओं अथवा योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं किया जा सकेगा।
अन्य पहचान दस्तावेजों का भी विकल्प
आधार के अलावा उपभोक्ताओं को पहचान सत्यापन के लिए वोटर आईडी, पासपोर्ट और पैन कार्ड जैसे वैकल्पिक दस्तावेज उपलब्ध कराने का विकल्प दिया जाएगा। बिजली कंपनियां इन विकल्पों के आधार पर भी उपभोक्ताओं की पहचान सुनिश्चित कर सकेंगी।
 


Leave Comments

Top