पीएम मोदी का दौरा: काशी में देखेंगे वायुसेना का एयर शो, भुवनेश्वर में आरबीआई के डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन

डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: पवन पांडेय Updated Sat, 24 Oct 2026 10:36 PM IST

प्रधानमंत्री मोदी 25 अक्तूबर को वाराणसी और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। वाराणसी में वह नई गारमेंट फैक्टरी का उद्घाटन करेंगे और नमो घाट पर वायुसेना का ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखेंगे। इसके बाद भुवनेश्वर में 169 करोड़ रुपये के आरबीआई डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।

PM Modi two state visit: will witness IAF air show in Kashi and inaugurate an RBI data center in Bhubaneswar.

कल यूपी और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 25 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह वाराणसी में नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैक्टरी का उद्घाटन करेंगे और नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' को देखेंगे। इसके बाद वह ओडिशा के भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
वाराणसी में एयर शो देखेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी रविवार सुबह करीब 11 बजे वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैक्टरी का उद्घाटन करेंगे। इस फैक्टरी से क्षेत्र में कपड़ा और परिधान उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, खासकर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यहां बनने वाले उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की भी योजना है। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे प्रधानमंत्री नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 'विंग्स ओवर गंगा' नाम से आयोजित यह कार्यक्रम वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हो रहा है। एयर शो में तेजस, राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और एलसीएच प्रचंड जैसे लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमान भी इसमें शामिल होंगे। वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने करतब दिखाएंगी                                                                                                ओडिशा में आरबीआई के डेटा सेंटर का उद्घाटन
वाराणसी के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री ओडिशा के भुवनेश्वर जाएंगे। यहां वह शाम करीब 4:45 बजे भारतीय रिजर्व बैंक के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना पर 169 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। जटनी के इन्फो वैली-II में स्थित यह केंद्र देश की वित्तीय व्यवस्था के डिजिटल ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें भुगतान और निपटान से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रणालियों के साथ बैंक की अन्य प्रमुख डिजिटल सेवाओं को संचालित करने में मदद मिलेगी। डेटा सेंटर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अपटाइम इंस्टीट्यूट टियर-IV मानक का प्रमाणन मिला है। यह मानक डेटा सेंटर की विश्वसनीयता और संचालन संबंधी मजबूती के लिए जाना जाता है

वहीं, साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान में बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा क्षेत्र से जुड़ी तकनीकों पर प्रशिक्षण और शोध किया जाएगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और अन्य उन्नत तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन संस्थानों से वित्तीय डेटा की सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं की विश्वसनीयता मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के दोनों राज्यों के दौरे को देखते हुए सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है। वाराणसी में एयर शो के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर ध्यान दिया जाएगा, जबकि ओडिशा में भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave Comments

Top