सीजेपी का तिरंगा मार्च: पुलिस ने बताया कितने लोगों को मिल सकती है अनुमति? तिरंगा फहराने के संशय को भी किया दूर

अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली Published by: Rahul Kumar Tiwari Updated Thu, 15 Oct 2026 08:51 PM IST

दिल्ली में सीजेपी और आम आदमी पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा अलर्ट जारी है। पुलिस ने धारा 163 के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। हालांकि, राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के लिए चुनिंदा लोगों के समूह को जगह देने की व्यवस्था की जा सकती है। पढ़ें पूरी खबर।

Police may permission to group of individuals to demonstration involving national anthem at Connaught Place
प्रदर्शन में चुनिंदा लोगों के लिए राष्ट्रगान के लिए अलग इंतजाम - फोटो : अमर उजाला GFX

विस्तार

दिल्ली में शुक्रवार, 16 अक्तूबर को सीजेपी और आम आदमी पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। एनडीएमसी ने सेंट्रल पार्क बंद करने को कहा है। वहीं, कनॉट प्लेस के मार्केट एसोसिएशन ने भी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी प्रदर्शन या सभा में शामिल न हों, जिससे लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन हो।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 पहले से लागू है। इसका उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने एनडीएमसी से भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
त्योहारों के दौरान कारोबार प्रभावित होने की चिंता
कनॉट प्लेस के आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों ने आशंका जताई है कि त्योहारों के समय प्रदर्शन होने से बाजार की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार में बाधा आने की चिंता है।
तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान के लिए हो सकती है व्यवस्था
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि राष्ट्रीय ध्वज के साथ आने और राष्ट्रगान के लिए चुनिंदा लोगों के एक समूह को अनुमति देने की व्यवस्था की जा सकती है। इसके लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित किया जा सकता है। हालांकि, इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान के प्रति सम्मान बनाए रखना अनिवार्य होगा। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर पुलिस से टकराव
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बृहस्पतिवार को लोगों से शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने की अपील की। यह मार्च मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली पुलिस के साथ जारी टकराव के बीच आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। सीजेपी ने सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लोगों से 16 अक्तूबर को शाम पांच बजे तिरंगा लेकर सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की है।
16 और 17 अक्तूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने उसे सूचित किया है कि प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्तूबर को बंद रहेगा। एनडीएमसी ने पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया है।
पुलिस ने बताया कि कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न व्यापारिक एवं बाजार संगठनों ने अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की मांग की है। इन संगठनों ने आशंका जताई है कि उपद्रवी तत्वों और गैरकानूनी जमावड़े से त्योहारों के मौसम में कारोबार प्रभावित हो सकता है।
इन लोगों पर पुलिस कर सकती है कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 163 का उल्लंघन करने वालों को आगाह करते हुए कहा कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की है।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज को निर्धारित तरीके से और उचित सम्मान के साथ धारण व प्रदर्शित किया जाना चाहिए। इसी तरह, राष्ट्रगान भी सम्मान, गरिमा और मर्यादा के साथ निर्धारित तरीके से गाया जाना चाहिए।

Leave Comments

Top