भोपाल। ग्वालियर जिले के डबरा में 17 बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध और फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाले बहुचर्चित मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने मामले के मुख्य सूत्रधार और 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी गुलाबराय गौतम उर्फ सम्यक बोधि भंते को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बांग्लादेशी नागरिकों के इस अवैध गिरोह के सरगना रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे। आरोपी ने बैंक खातों के संचालन और कथित कमीशन के जरिए इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई थी। अधिकारियों के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी का रहने वाला गुलाबराय गौतम कुछ समय से ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र स्थित गोल पहाड़िया इलाके में रह रहा था। इस फर्जीवाड़े में उसका नाम सामने आने के बाद वह विदिशा जाने की बात कहकर फरार हो गया था। इसके बाद से ही एसटीएफ उसकी लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आखिरकार एसटीएफ की टीम ने उसे बिलासपुर से धर दबोचा। एसटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और देश के अन्य हिस्सों में भी पासपोर्ट फर्जीवाड़े के संभावित संपर्कों का खुलासा किया जा सके।