मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए सरकार ने तीन आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। गृह विभाग की ओर से मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार पाढुर्ना के एसपी प्रकाश चंद्र परिहार को हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। उनकी जगह वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी विदिता धनखड़ को पाढुर्ना का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। विदिता धनखड़ अभी सेनानी, 21वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर के पद पर तैनात थीं।
श्रुतकीर्ति सोमवंशी को अतिरिक्त जिम्मेदारी
सरकार ने वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है। वह अभी 13वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर के सेनानी हैं। उन्हें इसी के साथ 2री वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर के सेनानी पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।