भोपाल करणी सेना जिलाध्यक्ष ने पहले पुलिस को पीटा फिर पुलिस ने नेताजी का जुलूस निकाला

Updesh Awasthee   personUpdesh Awasthee    9/17/2026 10:37:00 PM2 minute read
भोपाल, 17 सितंबर 2026: शकील मंसूरी एवं अन्य साथियों के साथ आम रास्ते पर हंगामा कर रहे करणी सेना जिलाध्यक्ष हेमंत ठाकुर ने बीती रात बड़ा बवाल कर दिया। सबसे पहले पुलिस का एक वाहन उनसे टकराया, फिर उन्होंने पुलिस वाहन में बैठे हुए कांस्टेबल और सब इंस्पेक्टर के साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस फोर्स ने हेमंत ठाकुर को गिरफ्तार किया और बताया जा रहा है कि जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश किया। हालांकि पुलिस ने जुलूस निकालने की पुष्टि नहीं की है। 
कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के मुताबिक घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे की है। पुलिस टीम शाहपुरा से साइबर फ्रॉड के आरोपियों को हिरासत में लेकर कमला नगर थाने लौट रही थी। नेहरू नगर चौराहे के पास कुछ युवक शराब के नशे में सड़क पर हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान हेमंत ठाकुर अचानक पुलिस वाहन के सामने आ गया और वाहन से टकरा गया। एसआई सुनील इवनाती ने वाहन को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिसकर्मियों ने युवकों को सड़क से हटने और हंगामा बंद करने की समझाइश दी। आरोप है कि युवक उलटे पुलिस से ही विवाद करने लगे। उन्होंने पुलिस वाहन रुकवा लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरक्षक दीपक शर्मा जब वाहन से नीचे उतरे तो आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम ने थाने से अतिरिक्त बल बुलाया और तीनों को काबू कर लिया। तीनों आरोपियों को कमला नगर थाने लाया गया। यहां भी उनका हंगामा जारी रहा। इसी दौरान शकील मंसूरी और उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर थाने से बाहर निकल गए। पुलिस ने हेमंत ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि
पुलिस के अनुसार हेमंत ठाकुर कोटरा सुल्तानाबाद का रहने वाला है। मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। गुरुवार शाम पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार हेमंत ठाकुर का नाम पहले भी पुलिसकर्मियों से विवाद और अभद्रता के मामलों में सामने आ चुका है। बताया गया है कि पूर्व में टीटी नगर थाने में पदस्थ एसआई सुनील रघुवंशी और एक आरक्षक के साथ भी उसकी झूमाझटकी और गाली-गलौज हुई थी। पुलिस अब दर्ज FIR के आधार पर मामले की जांच के साथ फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। 

Leave Comments

Top