कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई, शराब और शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा
भोपाल। प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, कृषि व्यवस्था के विरोधाभास, अवैध शराब के कारोबार और लचर शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार की नीतियों को आम जनता और किसानों के खिलाफ बताते हुए स्पष्ट किया कि कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और इन जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाएगी।
पटवारी ने प्रदेष कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार के नए भारत में आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। खाद्य तेलों में भारी वृद्धि का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि सोयाबीन तेल में 12 फीसदी, मूंगफली तेल में 10 फीसदी और सरसों तेल में करीब 20 फीसदी तक उछाल आया है। इसके अलावा चीनी और दूध के दाम भी बढ़े हैं। उन्होंने सरकार की कृषि नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ किसानों को उनकी उपज और दूध का सही मूल्य नहीं मिल रहा, वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ता महंगे दामों पर सामान खरीदने को मजबूर हैं। तुअर/अरहर दाल के 140 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसान सस्ता बेचने पर मजबूर है और उपभोक्ता महंगा खरीद रहा है, जो बाजार प्रबंधन की विफलता को दर्शाता है।
अवैध शराब और भ्रष्टाचार पर हल्ला बोल
शराबबंदी के सरकारी दावों की पोल खोलते हुए पटवारी ने कहा कि धार्मिक नगरियों में शराबबंदी का दावा करने वाली सरकार के राज में शराब की होम डिलीवरी और अवैध सप्लाई नेटवर्क फल-फूल रहा है। गुजरात में जहरीली शराब से हुई मौतों का संदर्भ देते हुए उन्होंने मध्य प्रदेश से अवैध शराब की आपूर्ति की खबरों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस अवैध शराब के कारोबार और विभिन्न सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएगी।
शिक्षा पर श्वेत पत्र की मांग, 8 दिन की चेतावनी
प्रदेश की स्कूली एवं उच्च शिक्षा की दयनीय स्थिति पर चिंता जताते हुए पटवारी ने मुख्यमंत्री से शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। राहुल गांधी के छात्रों की गूंज आह्वान का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि अगले 8 दिनों में शिक्षा सुधार को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता दस्तक अभियान के तहत हर स्कूल तक पहुंचेंगे। पंचायत कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से स्कूलों की बदहाली को सोशल मीडिया पर उजागर कर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद भी ध्यान न देने पर सभी संभागों में साइक्लोथॉन (साइकिल यात्रा) आयोजित की जाएगी।
राष्ट्रीय मुद्दों पर संघर्ष और राजीव गांधी को नमन
पटवारी ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में तय राष्ट्रीय मुद्दों महंगाई, चीन द्वारा कथित अतिक्रमण और परिसीमन को भी कांग्रेस जनता के बीच लेकर जाएगी। अंत में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था, 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार और सूचना प्रौद्योगिकी व दूरसंचार क्रांति की नींव रखकर राजीव गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण में अप्रतिम भूमिका निभाई थी, जिसका लाभ आज पूरा देश उठा रहा है।