Bhopal News: भोपाल में तीन दिन नहीं चलेंगी टैक्सी, आज रात 12 बजे से संचालन बंद, 19 को धरने पर बैठेंगे चालक

न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल Published by: Sandeep Kumar Tiwari Updated Mon, 17 Aug 2026 07:33भोपाल में टैक्सी संगठनों ने एग्रीगेटर कंपनियों के कथित आर्थिक शोषण और कम किराए के विरोध में 18 से 20 अगस्त तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। आज रात 12 बजे से टैक्सियों का संचालन बंद रहेगा। 19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस पर धरना देकर मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Bhopal News: Taxis in Bhopal will not operate for three days; services will be suspended from midnight tonight

टैक्सी - फोटो : अमर उजा

विस्तार

टैक्सी चालकों ने एग्रीगेटर कंपनियों पर आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए भोपाल में तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। टैक्सी यूनियन कल्याण समिति, संपूर्ण भारत और भारतीय टैक्सी चालक संघ के संयुक्त आह्वान पर 18, 19 और 20 अगस्त को टैक्सियों का संचालन बंद रखने की घोषणा की गई है। संगठन के अनुसार, 17 अगस्त की रात 12 बजे से ही टैक्सी संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। टैक्सी संगठनों का कहना है कि बढ़ती महंगाई और वाहन संचालन के खर्च के बीच मौजूदा कमाई में परिवार का पालन-पोषण मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि एग्रीगेटर कंपनियों की नीतियों और कम किराए के कारण चालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस पर धरना
संयुक्त मोर्चे की ओर से 19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की मांग की जाएगी। संगठनों ने कहा है कि यदि आंदोलन के बाद भी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो परिवहन मंत्री से मुलाकात कर अलग से ज्ञापन सौंपा जाएगा। मांगें नहीं माने जाने पर हड़ताल को अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी भी दी गई है।
टैक्सी चालकों की प्रमुख मांगें
- टैक्सी चालकों के लिए उचित और निर्धारित किराया तय किया जाए।
- एग्रीगेटर कंपनियों को निर्धारित किराए के अनुसार ही टैक्सी संचालित कराने के निर्देश दिए जाएं।
- निजी नंबर वाले कार और बाइक समेत गैर-वाणिज्यिक वाहनों के एग्रीगेटर के जरिए व्यावसायिक उपयोग पर तत्काल रोक लगाई जाए।
- टैक्सी चालकों की आर्थिक समस्याओं का शासन स्तर पर समाधान किया जाए।
- एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।
संगठन बोले- शांतिपूर्ण रहेगा बंद
संगठनों ने दावा किया है कि हड़ताल और धरना शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान कोई असामाजिक तत्व गैरकानूनी गतिविधि करता है तो संयुक्त मोर्चा उसके लिए जिम्मेदार नहीं होगा। टैक्सी संगठनों ने हड़ताल के कारण शहर के लोगों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है। उनका कहना है कि परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होने के कारण चालक आंदोलन के लिए मजबूर हैं।

Leave Comments

Top