कर्नाटक : डीके शिवकुमार कैबिनेट का विस्तार, 12 नए चेहरों को जगह, गायत्री शांतेगौड़ा एकमात्र महिला मंत्री

बेंगलुरु. कांग्रेस आलाकमान ने सोमवार को डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कर्नाटक कैबिनेट के विस्तार को मंजूरी दे दी. इसमें 20 मंत्रियों के नामों को मंजूरी दी गई, जिनमें एक महिला चेहरा गायत्री शांतेगौड़ा भी शामिल हैं. नई कैबिनेट में 12 नए चेहरों को मौका मिला है, जबकि 8 मौजूदा मंत्रियों को बरकरार रखा गया है.

एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम नरेंद्रस्वामी, शिवराज तंगदागी, रुद्रप्पा लमानी, केएस बसवंतप्पा, बी नागेंद्र, टी रघुमूर्ति, जमीर अहमद खान, रिजवान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा, पुत्तुरांगशेट्टी, मनकला वैद्य, अजय सिंह, एन चालुवरया स्वामी, केएम शिवालिंगे गौड़ा, एचसी बालकृष्ण, गायत्री शांतेगौड़ा, बसवराज रायरेड्डी, विजयानंद कशप्पनवर और लक्ष्मण सावदी को मंत्री के रूप में शामिल करने की मंजूरी दे दी.

शाम चार बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह

कर्नाटक कैबिनेट विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु के लोक भवन में शाम 04:05 बजे होगा. मंजूर किए गए नामों में गायत्री शांथेगौड़ा एकमात्र महिला मंत्री हैं. इस सूची में कैबिनेट में शामिल होने वाले कई नए चेहरे भी हैं, जिनमें पीएम नरेंद्रस्वामी, केएस बसवंथप्पा, टी. रघुमूर्ति, पुत्तरंगशेट्टी, अजय सिंह और गायत्री शांथेगौड़ा शामिल हैं जबकि कई पूर्व मंत्री भी मंत्रिपरिषद में वापसी कर रहे हैं.

विधानमंडल में अहम पदों पर भी होगी नियुक्ति

कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक विधानमंडल में अहम पदों पर नियुक्तियों को भी मंजूरी दे दी है. जीएस पाटिल को विधानसभा अध्यक्ष, एएस पोन्नान्ना को उपाध्यक्ष, सलीम अहमद को विधान परिषद के सभापति और उमाश्री को विधान परिषद की उप-सभापति के पद के लिए मंजूरी दी गई है. इससे पहले दिन में कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा था कि कैबिनेट विस्तार पर अंतिम फैसला कांग्रेस आलाकमान का होगा.


Leave Comments

Top