- गुटों व धड़ों में बंटी कांग्रेस सिर्फ बांटना व लड़ाना जानती है, विकास करना नहीं जानती
- देश भर से कांग्रेस का सफाया हो रहा है और दतिया में भी विकास की नई बयार बह रही है
- दतिया का विकास भाजपा ने किया, आगे भी निरंतर जारी रहेगा
- भाजपा विकास के आधार पर जनता का आशीर्वाद मांगती है
- डॉ. मोहन यादव
दतिया/भोपाल, 27/07/2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को दतिया में भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी के समर्थन में दो स्थानों पर विशाल रोड शो कर जनता से आशीर्वाद एवं समर्थन मांगा तथा भाजपा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उपचुनाव प्रभारी व सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी, विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह कुशवाह रथ पर सवार रहे। रोड शो में उमड़े अभूतपूर्व जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुटों और धड़ों में बटी कांग्रेस केवल बांटने और लड़ाने की राजनीति करना जानती है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास को नई दिशा भाजपा सरकार ने दी है और आने वाले समय में भी विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। जनसभा के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा उपस्थित रहे। जनसभा को पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे श्री राजू दांगी ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोड शो के पश्चात बड़ी तिगलिया के पास नुक्कड़ सभा को भी संबोधित किया।
भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी कोहिनूर हीरे जैसे कार्यकर्ता हैं- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दूसरे रोड शो को से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी कार्यकर्ताओं के बीच कोहिनूर के हीरे की तरह हैं। मध्यप्रदेश और दतिया में कांग्रेस का जनाधार पूरी तरह समाप्त हो चुका है। देश भर से कांग्रेस का सफाया हो रहा है और दतिया में भी विकास की नई बयार बह रही है। भाजपा सरकार विकास के नए आयाम गढ़ रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं बिना रुके सीधे किसानों के खातों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए 11 हजार करोड़ से अधिक की लागत से डिफेंस पार्क और बड़ा कारखाना दतिया को बहुत जल्दी मिलने वाला है, इससे क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, गरीबों और किसानों समेत हर वर्ग के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है, वह विकास के आधार पर जनता का आशीर्वाद मांगती है। विकास कार्यों से ही पिछले 23 साल से मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है, अगर कुछ माह का कार्यकाल कमलनाथ की कांग्रेस सरकार का छोड़ दिया जाए तो कांग्रेस ने लोगों को लड़ाने, जातियों व समाजों में बांटने का कार्य किया है। कांग्रेस फूट डालो शासन करो की नीति पर चलते हुए शासन करना चाहती है।
मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता श्री राजू दांगी
दतिया में आयोजित रोड शो के पश्चात आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल के समक्ष कांग्रेस नेता श्री राजू दांगी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।
दो रोड शो में हजारों आमजन हुए शामिल
पहला रोड शो दतिया हवाई अड्डे से मां पीताम्बरा पीठ के उत्तर द्वार तक निकाला गया, जबकि दूसरा रोड शो मां पीताम्बरा पीठ के पश्चिम द्वार से बड़ी तिगलिया तक पहुंचा। दोनों रोड शो में हजारों की संख्या में विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, समाजों के पदाधिकारी, व्यापारी, स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मार्ग में उपस्थित जनसमूह का अभिवादन करते हुए भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान कर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने का आह्वान किया। भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी ने पूरे मार्ग में रथ से दोनों हाथ जोड़कर नागरिकों का अभिवादन कर समर्थन और आशीर्वाद मांगा।
स्थान-स्थान पर हुआ भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा और नारों से गूंज उठा दतिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रोड शो के दौरान पूरे मार्ग में स्थान-स्थान पर भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। दोनों रोड शो के मार्ग पर सैकड़ों स्वागत मंच बनाए गए। लगभग तीन दर्जन से अधिक सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों ने मंच लगाकर अभिनंदन किया। दतिया शहर के व्यावसायिक संघों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा बड़ी संख्या में गैर-राजनीतिक संगठनों ने भी रोड शो का स्वागत कर भाजपा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। पूरे मार्ग में नागरिकों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर पुष्पवर्षा की। अनेक लोगों ने अपने घरों की बालकनियों एवं खिड़कियों से भी फूल बरसाकर स्वागत किया। भाजपा के समर्थन में गूंजते नारों और उत्साह से पूरा दतिया शहर भाजपा के रंग में रंगा दिखाई दिया। जनसभा के दौरान तीर्थ स्थान मेला प्राधिकरण अध्यक्ष श्री विनोद गोटिया, उपचुनाव प्रभारी श्री भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री व उपचुनाव सह प्रभारी श्री राहुल कोठारी, संभाग प्रभारी श्री अभय यादव, पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह कुशवाह, श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर सहित मंचासीन रहे।
भगवान राम के काल से कुशवाहा समाज का नाता, कांग्रेस ने श्रीराम के अस्तित्व को नकारा- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया के सिंधी धर्मशाला में कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कुशवाह समाज का भगवार श्रीराम के काल से नाता है। कुशवाह समाज श्रीराम के पुत्र कुश के वंशज हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी तो प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को सर्वोच्च न्यायालय में शपथ-पत्र प्रस्तुत कर नकार चुकी है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी को कुशवाह समाज से वोट मांगने का कोई हक नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशवाह समाज को भाजपा ने कई राज्यों में मुख्यमंत्री के पद भी दिए हैं। आप के समाज से आने वाले नायब सिंह सैनी हरियाणा में मुख्यमंत्री हैं, सम्राट चौधरी बिहार में मुख्यमंत्री हैं। श्री केशव प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश और श्रीमती दीया कुमारी राजस्थान में उपमुख्यमंत्री हैं। मध्यप्रदेश में श्री नारायण सिंह कुशवाह मंत्री हैं। दतिया उपचुनाव की पूरी जिम्मेदारी संभाल रहे सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह और जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह कुशवाह भी आपके समाज से हैं। भाजपा ने कुशवाह समाज को सत्ता और संगठन मे ंहमेशा से प्रतिनिधित्व देती आई हैं। कांग्रेस वर्ष 1965 से मध्यप्रदेश में चुनाव लड़ रही है और करीब 50 साल से अधिक समय तक शासन भी किया, लेकिन कभी कुशवाह समाज के बेटे को मंत्री पद नहीं दिया। कांग्रेस के लोग वोट मांगने आएं तो उनसे आप सभी पूछिए जरूर कि हमारे समाज के लिए कांग्रेस ने आजादी के बाद से आज तक क्या किया है।
भाजपा राम-कृष्ण की संस्कृति की वाहक, कांग्रेस ने समाज को केवल छला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कुशवाह समाज के योगदान को हमेशा सहर्ष स्वीकार कर उचित प्रतिनिधित्व दिया है। भाजपा ने जिला अध्यक्ष, विभिन्न आयोगों, पार्षदों और कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर समाज के लोगों को जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कांग्रेस के शासनकाल में दतिया में गुंडों-बदमाशों का आतंक होता था, भाजपा सरकार ने तो नक्सलवाद समाप्त कर दिया, अब मध्यप्रदेश में सुशासन का राज है। दतिया में कांग्रेस पार्टी भी परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। पहले पिता महाराज चुनाव लड़ते थे, अब बेटे चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव हार जाते हैं तो दूसरे विधानसभा क्षेत्र में भाग्य आजमाने चले जाते हैं, जब वहां की जनता उन्हें और कांग्रेस पार्टी को नकार देती है तो फिर दतिया की जनता को भ्रमित करने के लिए चुनाव लड़ जाते हैं। कांग्रेस पार्टी पांच पीढ़ी से एक ही परिवार की पार्टी बनकर रह गई है, इसी प्रकार दतिया में कांग्रेस राजपरिवार की पार्टी बनकर रह गई है। पिछले ढाई साल पहले दतिया की जनता ने कांग्रेस का विधायक बनाया था, लेकिन उपचुनाव की नौबत क्यों आई। यह भी कांग्रेस से पूछिएगा आप सभी। उपचुनाव की नौबत भी इसलिए आई, क्योंकि दतिया से कांग्रेस के विधायक को भ्रष्टाचार के मामले में न्यायालय से सजा हो गई और उनकी विधायकी समाप्त हो गई। यानी कांग्रेस के भ्रष्टाचार के कारण ही दतिया में उपचुनाव हो रहे हैं। इस दौरान मंच पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, राज्य कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल कुशवाह, सांसद व चुनाव प्रभारी श्री भारत सिंह कुशवाह, पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी, जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर कुशवाह, कुशवाह समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जुगल किशोर कुशवाह, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री अमरदीप मौर्य एवं श्रीमती रानी कुशवाह सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
(आशीष उषा अग्रवाल)
प्रदेश मीडिया प्रभारी