भोपाल। यूजीसी एक्ट में किए गए हालिया संशोधनों के समर्थन और उन पर लगाए गए स्टे के विरोध में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। संगठन ने आगामी 12 फरवरी को राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के घेराव की घोषणा की है। पार्टी का दावा है कि इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे।
भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव ने कहा कि यूजीसी एक्ट के मसले पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने संसद से सड़क तक आवाज़ उठाई है। उन्होंने सीधे तौर पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जहाँ आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी सड़कों पर उतरकर लड़ रही हैं, वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साधकर खुद को भाजपा की बी-टीम साबित कर दिया है। यादव ने कहा कि यूजीसी के इस मुद्दे ने ओबीसी वर्ग को यह समझने का स्पष्ट अवसर दिया है कि राजनीति में उनका असली हितैषी कौन है। उन्होंने बताया कि पार्टी और भीम आर्मी संगठन यूजीसी के नए नियम परिवर्तनों का पूर्ण समर्थन करते हैं और इसे तत्काल लागू रखने की मांग करते हैं।
हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा
भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश संयोजक सुनील ने पहले ही मुख्यमंत्री निवास घेराव की रूपरेखा तैयार कर ली है। पार्टी नेताओं के अनुसार, इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रदेश के हर जिले से कार्यकर्ता भोपाल पहुंचेंगे। यह आंदोलन न केवल यूजीसी नियमों के पक्ष में एक शक्ति प्रदर्शन होगा, बल्कि आगामी समय के लिए संगठन की राजनीतिक दिशा भी तय करेगा।